Breaking
Tue. Sep 1st, 2026

जमशेदपुर। पूर्वी सिंहभूम और सरायकेला-खरसावां जिले से होकर बहने वाली सुवर्णरेखा और खरकई नदियों के जलस्तर को लेकर प्रशासन ने मंगलवार, 1 सितंबर 2026 की सुबह छह बजे की स्थिति जारी की है। फ्लड सेल की रिपोर्ट के अनुसार दोनों नदियों का जलस्तर बढ़ रहा है। खरकई नदी खतरे के निशान से काफी ऊपर बह रही है, जबकि सुवर्णरेखा नदी भी खतरे के निशान के बेहद करीब पहुंच गई है।

फ्लड सेल, जमशेदपुर से जारी दैनिक रिपोर्ट के मुताबिक आदित्यपुर ब्रिज साइट पर खरकई नदी का जलस्तर 131.070 मीटर दर्ज किया गया है। यहां खतरे का निशान 129.00 मीटर निर्धारित है। इस हिसाब से खरकई नदी खतरे के निशान से 2.07 मीटर ऊपर बह रही है। रिपोर्ट में नदी के जलस्तर में लगातार बढ़ोतरी का रुख दर्ज किया गया है। इस दौरान क्षेत्र में 27.02 मिलीमीटर बारिश भी रिकॉर्ड की गई है।

वहीं मानगो ब्रिज साइट पर सुवर्णरेखा नदी का जलस्तर 121.340 मीटर दर्ज किया गया है। यहां खतरे का निशान 121.50 मीटर है। यानी सुवर्णरेखा नदी खतरे के निशान से महज 0.160 मीटर नीचे है और इसका जलस्तर भी बढ़ रहा है। इस क्षेत्र में सुबह छह बजे तक 10 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई है।

प्रशासन द्वारा जारी रिपोर्ट में दोनों नदियों के बढ़ते जलस्तर को देखते हुए नदी किनारे और निचले इलाकों में रहने वाले लोगों को विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है। लोगों से नदी के आसपास जाने से बचने और जलस्तर में होने वाले बदलाव पर नजर रखने की अपील की गई है। प्रशासन और फ्लड सेल की ओर से नदियों के जलस्तर की लगातार निगरानी की जा रही है।

रिपोर्ट के अनुसार मानगो में सुवर्णरेखा नदी और आदित्यपुर में खरकई नदी के जलस्तर से संबंधित आंकड़े सीडब्ल्यूसी एनसी गेज स्टेशन, जमशेदपुर से प्राप्त किए गए हैं। संबंधित कार्यपालक अभियंताओं से प्राप्त जानकारी के आधार पर फ्लड सेल ने दैनिक रिपोर्ट तैयार की है। जलस्तर में और बढ़ोतरी होने पर प्रभावित क्षेत्रों में आवश्यक कदम उठाए जाने की तैयारी भी प्रशासनिक स्तर पर जारी है।

Related Post