Breaking
Mon. Aug 31st, 2026

*रांची में झारखंड प्रांतीय मारवाड़ी सम्मेलन की आमसभा संपन्न, चाईबासा के प्रतिनिधियों ने लिया हिस्सा*

चाईबासा: झारखंड प्रांतीय मारवाड़ी सम्मेलन की आमसभा की बैठक रांची स्थित मारवाड़ी भवन के द्वितीय तल्ले में संपन्न हुई। बैठक में झारखंड के विभिन्न जिलों से सम्मेलन के पूर्व अध्यक्ष, पदाधिकारी, कार्यकारिणी सदस्य एवं सदस्य शामिल हुए। पश्चिमी सिंहभूम जिला मारवाड़ी सम्मेलन की ओर से चाईबासा से भी प्रतिनिधियों ने रांची पहुंचकर आमसभा में भाग लिया। बैठक में संगठन की गतिविधियों, वित्तीय व्यवस्था, संविधान संशोधन और सामाजिक आचार संहिता सहित कई महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की गई।

बैठक की शुरुआत प्रांतीय अध्यक्ष सुरेश चन्द्र अग्रवाल ने पूर्व अध्यक्षों, वर्तमान पदाधिकारियों, कार्यकारिणी सदस्यों और उपस्थित सदस्यों का स्वागत करते हुए की। महामंत्री विनोद जैन ने वार्षिक प्रतिवेदन प्रस्तुत किया और सम्मेलन की गतिविधियों में सहयोग के लिए सदस्यों के प्रति आभार व्यक्त किया।

आमसभा में पूर्व निवर्तमान अध्यक्ष बसंत मित्तल द्वारा मारवाड़ी ट्रस्ट को दी गई 25 लाख रुपये की राशि की वापसी के विषय पर विस्तृत चर्चा हुई। वर्तमान अध्यक्ष के आग्रह पर सभा ने सर्वसम्मति से राशि की वापसी के लिए एक माह और प्रयास करने पर सहमति जताई। भवन, कार्यालय और राशि की वापसी से संबंधित आवश्यक कार्रवाई के लिए अनुशासन समिति के संयोजक कृष्णा अग्रवाल को अधिकृत किया गया।

सम्मेलन के कोषाध्यक्ष मनोज चौधरी ने वर्ष 2025-26 का अंकेक्षित आय-व्यय विवरण सभा के समक्ष प्रस्तुत किया, जिसे सर्वसम्मति से पारित किया गया। वर्ष 2026-27 के लिए अंकेक्षक की नियुक्ति भी सर्वसम्मति से की गई।

देवघर कार्यकारिणी द्वारा अनुमोदित संविधान संशोधन प्रस्ताव को संयोजक कमल केडिया ने सभा के समक्ष रखा। सदस्यों के सुझावों के बाद आवश्यक विलोपन और शुद्धिकरण करते हुए प्रस्ताव को सर्वसम्मति से पारित किया गया।

सामाजिक आचार संहिता के संयोजक महेश पोद्दार ने समाजहित में तैयार आचार संहिता को सभा के समक्ष रखा। अध्यक्ष और सदस्यों ने इसकी सराहना की। आचार संहिता को जल्द मीडिया, समाचार-पत्र और पत्रिकाओं के माध्यम से समाज के लोगों तक पहुंचाने की बात कही गई।

रांची में आयोजित आमसभा के दौरान अच्छे सामाजिक कार्यों के लिए पूर्वी सिंहभूम, रांची, धनबाद, कोडरमा, देवघर और पश्चिमी सिंहभूम जिला मारवाड़ी सम्मेलन को मोमेंटो देकर सम्मानित किया गया। पश्चिमी सिंहभूम जिला मारवाड़ी सम्मेलन की ओर से चाईबासा के जिला अध्यक्ष अशोक विजयवर्गीय और सदस्य शिव बजाज ने सम्मान ग्रहण किया।

बैठक में झारखंड प्रांत के लिए तैयार की जा रही सामाजिक आचार संहिता के संबंध में चाईबासा जिला एवं शाखा की ओर से पूर्व से चली आ रही कुछ सामाजिक व्यवस्थाओं को भी प्रस्ताव के रूप में रखा गया। इनमें किसी सदस्य के निधन पर तीन दिनों तक बैठक की व्यवस्था, गरुड़ पुराण अथवा बैठक के दौरान जल, चाय या अन्य किसी प्रकार की सेवा नहीं करने तथा बारहवें दिन के प्रसाद को केवल अपने कुटुंब तक सीमित रखने जैसे सुझाव शामिल थे।

सदस्यता विस्तार के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य के लिए नेहा पटवारी को मोमेंटो देकर सम्मानित किया गया। बैठक के अंत में वरीय उपाध्यक्ष ललित कुमार पोद्दार ने धन्यवाद ज्ञापन किया। राष्ट्रगान के साथ आमसभा को अगली बैठक तक के लिए स्थगित कर दिया गया।

इस अवसर पर पश्चिमी सिंहभूम जिला मारवाड़ी सम्मेलन के अध्यक्ष अशोक विजयवर्गीय ने चाईबासा जिला एवं शाखा के सभी पदाधिकारियों और सदस्यों को बधाई देते हुए कहा कि सम्मेलन भविष्य में भी चाईबासा सहित पश्चिमी सिंहभूम में समाजहित और सामाजिक गतिविधियों में अपनी सक्रिय भागीदारी जारी रखेगा।

Related Post