चाईबासा। लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी के खिलाफ उत्तराखंड में दर्ज प्राथमिकी के विरोध में सोमवार को चाईबासा में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन किया। झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष केशव महतो कमलेश के निर्देश पर जिला कांग्रेस कमेटी के तत्वावधान में जिला मुख्यालय स्थित शहीद पार्क चौक पर विरोध प्रदर्शन आयोजित किया गया। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए प्रधानमंत्री का पुतला दहन किया।
प्रदर्शन का नेतृत्व महिला कांग्रेस जिलाध्यक्ष नितिमा बारी ने किया। कांग्रेस नेताओं ने राहुल गांधी के खिलाफ दर्ज प्राथमिकी को दुर्भावनापूर्ण बताते हुए इसे विपक्ष की आवाज को दबाने का प्रयास करार दिया। साथ ही उत्तराखंड में भाजपा कार्यकर्ताओं के खिलाफ भी प्राथमिकी दर्ज कर निष्पक्ष कार्रवाई करने की मांग की गई।
नितिमा बारी ने कहा कि राहुल गांधी लोकतांत्रिक व्यवस्था में विपक्ष की सशक्त आवाज हैं और उनके खिलाफ दुर्भावनापूर्ण तरीके से प्राथमिकी दर्ज करना लोकतांत्रिक मूल्यों के विपरीत है। उन्होंने कहा कि कानून का इस्तेमाल राजनीतिक प्रतिशोध के लिए नहीं, बल्कि निष्पक्ष और न्यायपूर्ण व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए होना चाहिए। उन्होंने मांग की कि यदि उत्तराखंड में भाजपा कार्यकर्ताओं की ओर से कानून का उल्लंघन किया गया है तो उनके खिलाफ भी प्राथमिकी दर्ज कर समान रूप से कार्रवाई की जाए।
कांग्रेस जिला प्रवक्ता त्रिशानु राय ने कहा कि कांग्रेस सामाजिक न्याय, संवैधानिक समानता, लोकतंत्र और अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता की रक्षा के लिए लगातार संघर्ष करती रहेगी। उन्होंने कहा कि विपक्ष की आवाज को दबाने के किसी भी प्रयास का लोकतांत्रिक एवं शांतिपूर्ण तरीके से विरोध किया जाएगा।
प्रदर्शन में कांग्रेस प्रदेश महासचिव संगठन एवं प्रशिक्षण सुनित शर्मा, दिकु सावैयां, अशरफुल होदा, रंजीत यादव, सुरज मुखी, जाम्बी कुदादा, पुरुषोत्तम दास पान, इम्तियाज खान, सकारी दोंगो, राकेश सिंह, गुलजार अंसारी, संतोष सिन्हा, मंजु बिरुवा, लियोनर्ड बोदरा, विजय लक्ष्मी सिंकु, गीता पूर्ति, सिकुर गोप, सावित्री सिरका, गोपाल बोदरा, मथुरा चामपिया, सत्यशिला हेमब्रम और सुशील दास सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।

