कोडरमा। रांची-पटना मुख्य मार्ग पर स्थित कोडरमा घाटी में रविवार को एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। कोडरमा थाना क्षेत्र के नौवां माइल के समीप ओवरटेक करने के दौरान एक तेज रफ्तार ट्रेलर ने एसयूवी को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि अनियंत्रित ट्रेलर सड़क किनारे गहरी खाई में जा गिरा, जबकि एसयूवी आगे चल रहे ट्रक से टकरा गई। हादसे में एसयूवी सवार तीन लोग घायल हो गए। दुर्घटना के बाद कुछ देर के लिए घाटी में अफरा-तफरी और यातायात बाधित रहा।
घायलों की पहचान जानपुर गांव निवासी मनोज साव (40), लक्ष्मी देवी (35) और 13 वर्षीय संजू कुमारी के रूप में हुई है। सभी घायलों को तत्काल इलाज के लिए कोडरमा सदर अस्पताल भेजा गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, कोडरमा के जानपुर गांव से कुछ लोग एसयूवी से बिहार के नवादा जिले के कौआकोल में आयोजित एक कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे थे। इसी दौरान कोडरमा घाटी के नौवां माइल के समीप पीछे से आ रहे ट्रेलर ने एसयूवी को ओवरटेक करने का प्रयास किया। इसी क्रम में ट्रेलर का संतुलन बिगड़ गया और उसने एसयूवी के पिछले हिस्से में जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर के बाद ट्रेलर पूरी तरह अनियंत्रित हो गया और सड़क किनारे स्थित खाई में जा गिरा। वहीं, ट्रेलर की टक्कर से एसयूवी भी अनियंत्रित होकर आगे चल रहे एक ट्रक से जा टकराई। ट्रक से हुई टक्कर में एसयूवी का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। दुर्घटना के बाद ट्रेलर का चालक और उपचालक मौके से फरार हो गए। सूचना मिलते ही कोडरमा पुलिस की पीसीआर टीम घटनास्थल पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को तत्काल इलाज के लिए सदर अस्पताल भेजा।
इधर, पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लिया और दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हटाने की कार्रवाई शुरू कर दी। खाई में गिरे ट्रेलर को क्रेन की मदद से बाहर निकालने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस फरार ट्रेलर चालक और उपचालक की तलाश में जुटी है। हादसे के कारण कुछ समय तक रांची-पटना मुख्य मार्ग पर यातायात प्रभावित रहा, जिसे बाद में सामान्य करने की कार्रवाई की गई।
कोडरमा घाटी में भीषण सड़क हादसा, ट्रेलर खाई में गिरा; तीन घायल ओवरटेक के दौरान एसयूवी को पीछे से मारी टक्कर, अनियंत्रित कार आगे चल रहे ट्रक से टकराई

