Breaking
Mon. Aug 31st, 2026

कुइली नदी में बहा परिवार: मुंडा रोया सिद्धू के माता-पिता के शव बरामद, सुनीता सिद्धू की तलाश जारी

चाईबासा। पश्चिमी सिंहभूम जिले के सारंडा क्षेत्र में छोटानागरा थाना अंतर्गत बहदा गांव में रविवार देर शाम कुइली पहाड़ी नदी में अचानक आए तेज बहाव ने तीन ग्रामीणों को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे के बाद शुरू किए गए सघन खोज अभियान में मुंडा रोया सिद्धू के माता-पिता के शव बरामद कर लिए गए हैं। वहीं, बामिया सिद्धू की पत्नी सुनीता सिद्धू का अब तक कोई पता नहीं चल सका है। उनकी तलाश पुलिस और ग्रामीणों की ओर से लगातार की जा रही है।

बताया गया कि रविवार को बहदा गांव में एक ग्रामीण के अंतिम संस्कार में शामिल होने के बाद बोसेन सिद्धू, उनकी पत्नी और सुनीता सिद्धू नदी पार कर अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान पहाड़ी इलाके में हुई बारिश के कारण कुइली नदी में अचानक पानी बढ़ गया। देखते ही देखते नदी की धारा इतनी तेज हो गई कि तीनों ग्रामीण उसके बहाव में बह गए।

घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीणों ने नदी के आसपास बड़े स्तर पर तलाश शुरू कर दी। काफी खोजबीन के बाद मुंडा रोया सिद्धू की मां का शव घटनास्थल से करीब 500 मीटर दूर नदी की झाड़ियों में फंसा मिला। ग्रामीणों ने शव को बाहर निकाला। इसके बाद खोज अभियान जारी रखा गया, जिसमें मुंडा के पिता बोसेन सिद्धू का शव भी बरामद कर लिया गया। एक ही परिवार के दोनों सदस्यों की मौत की खबर से बहदा गांव में मातम छा गया है।

इधर, तीसरी लापता महिला सुनीता सिद्धू की तलाश में छोटानागरा थाना प्रभारी गौतम कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम भी जुटी रही। पुलिस और ग्रामीणों ने नदी के किनारे, झाड़ियों तथा पानी के संभावित बहाव वाले इलाकों में घंटों सर्च अभियान चलाया, लेकिन देर रात तक सुनीता का कोई सुराग नहीं मिल पाया।

लगातार बारिश, अंधेरा और नदी की तेज धार के कारण तलाशी अभियान में काफी मुश्किलें आईं। इसके बावजूद पुलिस और ग्रामीणों ने खोजबीन जारी रखी। सुनीता सिद्धू की तलाश के लिए सुबह दोबारा व्यापक अभियान चलाने की तैयारी की गई है।

अंतिम संस्कार से लौटते समय हुए इस हादसे ने पूरे गांव को झकझोर दिया है। कुछ ही घंटों के अंतराल में मुंडा रोया सिद्धू ने अपने माता-पिता को खो दिया, जबकि सुनीता सिद्धू के परिजन उनकी तलाश को लेकर चिंतित हैं। गांव में शोक का माहौल है और सभी की निगाहें कुइली नदी में चल रहे खोज अभियान पर टिकी हुई हैं।

Related Post