चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम जिले के मुफ्फसिल थाना क्षेत्र अंतर्गत टेकासाई स्थित सनशाइन रेस्टोरेंट के पास शनिवार को टायर बदलने के दौरान मां वैष्णो ट्रांसपोर्ट का ट्रक अचानक पलट गया। हादसे में ट्रक चालक रिंकू सिंह, निवासी बागबेड़ा, जमशेदपुर, ट्रक के नीचे दब गए। दुर्घटना में उनका बायां पैर गंभीर रूप से क्षतिग्रस्त हो गया। ट्रक में लदा सामान सड़क पर बिखर गया।
जानकारी के अनुसार ट्रक जमशेदपुर से चाईबासा की ओर आ रहा था। टेकासाई के पास ट्रक का टायर पंचर हो गया। इसके बाद चालक ने वाहन को सड़क किनारे खड़ा किया और टायर बदलने लगा। इसी दौरान अचानक ट्रक असंतुलित होकर पलट गया। चालक ट्रक की चपेट में आकर उसके नीचे दब गया।
घटना के बाद मौके पर आसपास के ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। दुर्घटना की सूचना मिलने पर मुफ्फसिल थाना प्रभारी बिनोद कुमार पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस और ग्रामीणों की मदद से काफी प्रयास के बाद चालक रिंकू सिंह को ट्रक के नीचे से बाहर निकाला गया।
गंभीर रूप से घायल चालक को तत्काल टोटो की मदद से सदर अस्पताल, चाईबासा भेजा गया। सदर अस्पताल में चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए जमशेदपुर रेफर कर दिया।
हादसे के बाद ट्रक में लदा सामान सड़क पर बिखर जाने और ट्रक के पलटने से कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित रहा। पुलिस ने सड़क पर बिखरे सामान को हटवाया और पलटे हुए ट्रक को सड़क किनारे कराया, जिसके बाद यातायात सामान्य हो सका।
मुफ्फसिल थाना पुलिस ने घटना की जांच शुरू कर दी है। पुलिस दुर्घटना के कारणों और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की जानकारी जुटा रही है।

