Breaking
Wed. Aug 26th, 2026

*महुदी पंचायत सचिवालय का उपायुक्त ने किया निरीक्षण, जनसुविधाओं को बेहतर बनाने का निर्देश*

चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम जिला उपायुक्त मनीष कुमार ने नोआमुंडी प्रखंड क्षेत्र के भ्रमण के दौरान महुदी पंचायत का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने पंचायत सचिवालय भवन के सुदृढ़ीकरण और विकास कार्यों का निरीक्षण करते हुए उपलब्ध सुविधाओं का जायजा लिया। उपायुक्त ने संबंधित पदाधिकारियों को पंचायत सचिवालय में उपलब्ध संसाधनों का बेहतर और जनहित में उपयोग सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

उपायुक्त ने महुदी पंचायत सचिवालय में नवनिर्मित ऊर्जा कक्ष, 15वें वित्त आयोग मद से खरीदे गए पानी टैंकर और विभिन्न कक्षों का फीता काटकर शुभारंभ किया। उन्होंने पंचायत सचिवालय में कराए गए कार्यों की गुणवत्ता और प्रगति की जानकारी संबंधित अधिकारियों से ली। निरीक्षण के दौरान भवन में बचे हुए कार्यों को जल्द पूरा करने का निर्देश दिया।

मनीष कुमार ने कहा कि पंचायत सचिवालय ग्रामीण क्षेत्र में लोगों को सरकारी सेवाएं और योजनाओं से जुड़ी सुविधाएं उपलब्ध कराने का महत्वपूर्ण केंद्र है। इसलिए भवन और परिसर में उपलब्ध संसाधनों का उचित रखरखाव और उपयोग जरूरी है। उन्होंने निर्देश दिया कि पंचायत सचिवालय का उपयोग केवल कार्यालयीन कार्यों तक सीमित नहीं रहे, बल्कि इसे ग्रामीणों के लिए जनसुलभ सेवा केंद्र के रूप में विकसित किया जाए।

उन्होंने पंचायत स्तर पर आम लोगों को सरकारी सेवाओं, विभिन्न योजनाओं की जानकारी और अन्य जनहितकारी सुविधाएं आसानी से उपलब्ध कराने पर जोर दिया। साथ ही पंचायत सचिवालय परिसर की स्वच्छता, संसाधनों के रखरखाव और भवन एवं उपकरणों के नियमित उपयोग की व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

क्षेत्र भ्रमण के दौरान उपायुक्त ने महुदी पंचायत सचिवालय के सभागार में मतदाता सूची विशेष पुनरीक्षण कार्यक्रम-2026 के तहत चल रही सुनवाई प्रक्रिया का भी जायजा लिया। उन्होंने प्राप्त आवेदनों और संबंधित दस्तावेजों के सत्यापन की जानकारी ली तथा मौके पर मौजूद कर्मियों से प्रक्रिया के संबंध में जानकारी प्राप्त की।

उपायुक्त ने कहा कि मतदाता सूची विशेष पुनरीक्षण से जुड़े सभी कार्य निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों और निर्धारित प्रावधानों के अनुसार पारदर्शी एवं निष्पक्ष तरीके से किए जाएं। पात्र मतदाताओं को मतदाता सूची में शामिल करने तथा संबंधित मामलों के निष्पादन में दस्तावेजों का नियमानुसार सत्यापन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने सुनवाई में शामिल मतदाताओं की समस्याओं को गंभीरता से सुनने और किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं बरतने का निर्देश दिया।

मौके पर जगन्नाथपुर अनुमंडल पदाधिकारी अरुण उरांव, नोआमुंडी प्रखंड विकास पदाधिकारी पप्पू रजक, महुदी पंचायत की मुखिया सहित संबंधित पदाधिकारी, कर्मी और जनप्रतिनिधि उपस्थित थे।

Related Post