चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम जिला समाहरणालय स्थित प्रकोष्ठ में उपायुक्त मनीष कुमार की अध्यक्षता में मुख्यमंत्री स्वास्थ्य सहायता योजना के तहत पात्र लाभुकों को चिकित्सा अनुदान उपलब्ध कराने को लेकर बैठक हुई। बैठक में योजना के तहत प्राप्त आवेदनों की समीक्षा की गई और पात्र लाभुकों को नियमानुसार सहायता उपलब्ध कराने के लिए आवश्यक कार्रवाई की गई।
बैठक में योजना के प्रावधानों के अनुसार चिकित्सा अनुदान की पात्रता और निर्धारित सहायता राशि की जानकारी लेते हुए आवेदनों की समीक्षा की गई। योजना के तहत वयस्क लाभुकों को बीमारी या अस्पताल में सात दिनों से कम अवधि तक इलाज होने पर 3 हजार रुपये तथा सात दिनों से अधिक इलाज होने पर 5 हजार रुपये का चिकित्सा अनुदान दिया जाता है। वहीं कैंसर जैसी गंभीर बीमारी के इलाज के लिए वयस्क लाभुक को 25 हजार रुपये की सहायता राशि देने का प्रावधान है।
इसी प्रकार अवयस्क लाभुकों को बीमारी या अस्पताल में सात दिनों से कम इलाज होने पर 1,500 रुपये और सात दिनों से अधिक इलाज होने पर 2,500 रुपये का चिकित्सा अनुदान दिया जाता है। कैंसर के इलाज के लिए अवयस्क लाभुकों को 15 हजार रुपये की सहायता राशि देने का प्रावधान है।
बैठक के दौरान योजना के तहत प्राप्त आवेदनों की पात्रता और उपलब्ध दस्तावेजों के आधार पर जांच की गई। समीक्षा में अनुसूचित जनजाति वर्ग के 30, अनुसूचित जाति वर्ग के 2 और पिछड़ा वर्ग के 9 आवेदन शामिल थे। कुल 41 आवेदनों पर विचार किया गया। आवश्यक जांच और समीक्षा के बाद सभी आवेदनों को नियमानुसार अग्रेतर कार्रवाई के लिए संबंधित स्तर पर भेजा गया।
उपायुक्त मनीष कुमार ने संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि मुख्यमंत्री स्वास्थ्य सहायता योजना का लाभ पात्र और जरूरतमंद लोगों तक समय पर पहुंचाया जाए। उन्होंने कहा कि आवेदनों के निष्पादन में निर्धारित दिशा-निर्देशों और पात्रता मानकों का पूरी तरह पालन किया जाए। साथ ही आवश्यक दस्तावेजों की जांच के बाद नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
उन्होंने कहा कि गंभीर बीमारी से जूझ रहे जरूरतमंद परिवारों को इलाज के दौरान आर्थिक सहायता उपलब्ध कराना सरकार की कल्याणकारी योजनाओं का महत्वपूर्ण उद्देश्य है। इसलिए पात्र लाभुकों के आवेदनों के निष्पादन में अनावश्यक विलंब नहीं होना चाहिए, ताकि जरूरतमंद लोगों को समय पर योजना का लाभ मिल सके।
बैठक में परियोजना निदेशक आईटीडीए जयदीप तिग्गा सहित संबंधित पदाधिकारी और कर्मी उपस्थित थे।

