जमशेदपुर, 16 अगस्त। सिंहभूम चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री के तत्वावधान में महिला उद्यमिता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से आयोजित दो दिवसीय मानसून ट्रेड फेयर 17 और 18 अगस्त को चैंबर भवन में आयोजित किया जाएगा। ट्रेड फेयर को लेकर सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
मेले में महिला उद्यमियों द्वारा विभिन्न उत्पादों के स्टॉल लगाए जाएंगे। यहां फैशन, परिधान, ज्वेलरी, लाइफस्टाइल, खान-पान, हस्तनिर्मित वस्तुओं समेत कई तरह के उपयोगी उत्पाद उपलब्ध होंगे। शहरवासियों को एक ही स्थान पर विभिन्न उत्पादों को देखने और खरीदने का अवसर मिलेगा।
सिंहभूम चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री के उपाध्यक्ष अनिल मोदी ने बताया कि ट्रेड फेयर को लेकर महिला उद्यमियों में खासा उत्साह है। मेले का आयोजन प्रतिदिन सुबह 11 बजे से रात 8:30 बजे तक किया जाएगा। उन्होंने कहा कि यह आयोजन महिला उद्यमियों को नए ग्राहकों से जुड़ने और अपने उत्पादों के लिए बेहतर बाजार उपलब्ध कराने में मदद करेगा।
चैंबर अध्यक्ष मानव केडिया ने बताया कि 17 अगस्त को ट्रेड फेयर का विधिवत उद्घाटन मानगो की मेयर सुधा गुप्ता, जुगसलाई नगर परिषद की अध्यक्ष नौशीन खान एवं उपाध्यक्ष अर्चना दुबे द्वारा किया जाएगा।
महासचिव पुनीत कांवटिया ने कहा कि चैंबर की ओर से लगातार महिला उद्यमिता को प्रोत्साहित करने के लिए विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाते रहे हैं। मानसून ट्रेड फेयर भी इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।
सचिव भारत मकानी ने कहा कि महिलाएं आज व्यवसाय के क्षेत्र में तेजी से आगे बढ़ रही हैं और अपने हुनर को उद्यम में बदलकर आत्मनिर्भर बन रही हैं। ऐसे आयोजनों से उन्हें प्रोत्साहन मिलने के साथ उनके उत्पादों को व्यापक बाजार भी मिलता है।
वहीं, कार्यक्रम समन्वयक सुमन नागेलिया ने शहरवासियों से परिवार और मित्रों के साथ ट्रेड फेयर में पहुंचकर महिला उद्यमियों का उत्साह बढ़ाने की अपील की।
ट्रेड फेयर की तैयारियों में चैंबर के उपाध्यक्ष राजीव अग्रवाल, हर्ष बाकरेवाल, अभिषेक अग्रवाल गोल्डी, सचिव अंशुल रिंगसिया, विनोद शर्मा, सुरेश शर्मा, कोषाध्यक्ष अनिल रिंगसिया समेत आयोजन समिति के सदस्य सक्रिय रूप से जुटे हुए हैं। आयोजकों को उम्मीद है कि दो दिवसीय मेले में शहरवासियों की अच्छी भागीदारी रहेगी।

