Breaking
Sun. Aug 16th, 2026

बर्मामाइंस रेलवे यार्ड में ट्रेन की चपेट में आने से रेलकर्मी की मौत

जमशेदपुर। टाटानगर के बर्मामाइंस रेलवे यार्ड में 14 अगस्त को ड्यूटी के दौरान हुए हादसे में 58 वर्षीय रेलकर्मी बापी मजूमदार की मौत हो गई। मृतक सीतारामडेरा थाना क्षेत्र के ईस्ट बंगाल कॉलोनी के रहने वाले थे और रेलवे में गार्ड के पद पर कार्यरत थे।

जानकारी के अनुसार बापी मजूमदार बर्मामाइंस रेलवे यार्ड में ड्यूटी कर रहे थे। इसी दौरान यार्ड में एक ट्रेन को पीछे की ओर ले जाया जा रहा था। इसी क्रम में वह ट्रेन की चपेट में आ गए। हादसे में उन्हें गंभीर चोटें आईं और मौके पर ही उनकी मौत हो गई।

घटना की जानकारी मिलते ही आरपीएफ और जीआरपी की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ वहां मौजूद रेलकर्मियों और अन्य लोगों से घटना की जानकारी ली। इसके बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।

जीआरपी प्रभारी संतोष कुमार ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि प्रारंभिक जांच में मामला दुर्घटना का प्रतीत हो रहा है। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है और घटनास्थल पर मौजूद लोगों से पूछताछ की गई है।

इधर, बापी मजूमदार की मौत की खबर मिलते ही उनके परिवार में मातम पसर गया। उनके परिवार में दो बेटियां हैं। हादसे की जानकारी मिलने के बाद साथी रेलकर्मियों में भी शोक की लहर है। रविवार को पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद पुलिस ने शव परिजनों को सौंप दिया।

Related Post