Breaking
Tue. Aug 11th, 2026

छात्रों पर लाठीचार्ज के विरोध में भाजपा का बिष्टुपुर में प्रदर्शन, सरकार की दमनकारी नीति के खिलाफ जताया आक्रोश

जमशेदपुर। रांची में छात्रों पर हुए लाठीचार्ज के विरोध में भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं ने मंगलवार को जमशेदपुर के बिष्टुपुर में जुलूस निकालकर झारखंड सरकार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। भाजपा नेता डॉ. दिनेशानंद गोस्वामी और पूर्व जिला अध्यक्ष सह जमशेदपुर के पूर्व भाजपा प्रत्याशी देवेंद्र सिंह के नेतृत्व में निकाले गए जुलूस में बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता शामिल हुए।

जुलूस बिष्टुपुर स्थित द्विवेदी अखाड़ा से शुरू हुआ और लाइट सिग्नल होते हुए बिष्टुपुर थाना के समीप पहुंचा। इसके बाद कार्यकर्ता मुख्य बाजार क्षेत्र में पहुंचे और लोगों से छात्रों के समर्थन में खड़े होने की अपील की। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने छात्रों पर कथित पुलिस कार्रवाई के खिलाफ नारेबाजी करते हुए सरकार की नीतियों पर सवाल उठाए।

डॉ. दिनेशानंद गोस्वामी ने छात्रों पर हुए लाठीचार्ज की कड़ी निंदा करते हुए झारखंड सरकार पर दमनकारी रवैया अपनाने का आरोप लगाया। उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग करते हुए जांच की जिम्मेदारी सीबीआई और ईडी को सौंपने की अपील की। उन्होंने कहा कि छात्रों की आवाज को दबाने के बजाय उनकी मांगों और शिकायतों पर सरकार को गंभीरता से विचार करना चाहिए।

वहीं भाजपा के पूर्व जिला अध्यक्ष देवेंद्र सिंह ने झारखंड मुक्ति मोर्चा और कांग्रेस पर निशाना साधते हुए छात्र आंदोलन से निपटने के तरीके की आलोचना की। उन्होंने कहा कि इतिहास से सबक लेते हुए सरकार को छात्रों के साथ टकराव का रास्ता नहीं अपनाना चाहिए। उन्होंने रांची में छात्रों के खिलाफ हुई कार्रवाई को दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए इसके लिए जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई की मांग की।

जुलूस में वरिष्ठ भाजपा कार्यकर्ता हरकिशोर तिवारी, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य जटाशंकर पांडे, जिला मंत्री तन्मय झा, युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष नितेश, ललन द्विवेदी, सुरंजन राय, राजेश सिंह, अजय झा, हेश्वर प्रताप सिंह, बिष्टुपुर मंडल अध्यक्ष मारुति नंदन पांडे, राजेश नंद, उमेश सिंह, अमिताभ सेनापति और भोला जी समेत कई भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Related Post