चाईबासा: झारखंड लोक सेवा आयोग (JPSC) और झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (JSSC) के आंदोलनकारी अभ्यर्थियों पर हुए पुलिसिया बल प्रयोग के विरोध में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने 11 अगस्त को पूरे झारखंड में बंद का आह्वान किया है। इसकी जानकारी भाजपा जिला अध्यक्ष पश्चिम सिंहभूम, चाईबासा गीता बालमुचू ने सोमवार को दूरभाष के माध्यम से प्रेस को दी।
गीता बालमुचू ने बताया कि भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी की उपस्थिति में प्रेस वार्ता कर 11 अगस्त को झारखंड बंद का ऐलान किया है। पार्टी के अनुसार बंद सुबह 8 बजे से रात 11 बजे तक प्रभावी रहेगा।
भाजपा नेताओं ने कहा कि JPSC और JSSC के आंदोलनकारी अभ्यर्थी अपनी मांगों को लेकर प्रदर्शन कर रहे थे। ऐसे में उनके खिलाफ पुलिस द्वारा बल प्रयोग और लाठीचार्ज करना उचित नहीं है। पार्टी ने सरकार पर युवाओं और छात्रों की जायज मांगों को दबाने का आरोप लगाते हुए इसे गैर-लोकतांत्रिक और अनैतिक बताया है।
गीता बालमुचू ने कहा कि भाजपा इस मामले में आंदोलनकारी अभ्यर्थियों के साथ खड़ी है। उन्होंने आम लोगों, दुकानदारों और व्यावसायिक संगठनों से भी छात्रों के समर्थन में बंद को सफल बनाने की अपील की।
उन्होंने बताया कि 11 अगस्त की सुबह 8 बजे से भाजपा के सभी वरिष्ठ नेता, पदाधिकारी और कार्यकर्ता शहर के साथ-साथ जिले के विभिन्न क्षेत्रों में घूम-घूमकर लोगों से बंद का समर्थन करने की अपील करेंगे। पार्टी कार्यकर्ता बाजार और अन्य क्षेत्रों में बंद को सफल बनाने के लिए लोगों से सहयोग मांगेंगे।
भाजपा जिला अध्यक्ष ने कहा कि अभ्यर्थियों की मांगों पर सरकार को गंभीरता से विचार करना चाहिए और आंदोलन के दौरान हुए पुलिसिया बल प्रयोग की घटना पर उचित कार्रवाई करनी चाहिए।

