चाईबासा: जिला कांग्रेस कमिटी, पश्चिमी सिंहभूम में संगठन को और अधिक सक्रिय एवं मजबूत बनाने के उद्देश्य से पार्टी नेतृत्व ने जिला कांग्रेस कमिटी के प्रवक्ता त्रिशानु राय को महासचिव का अतिरिक्त दायित्व सौंपा है। विश्व आदिवासी दिवस के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में कांग्रेस प्रदेश महासचिव सह जिला प्रभारी धर्मेंद्र सोनकर, प्रदेश महासचिव संगठन एवं प्रशिक्षण सुनित शर्मा तथा जिलाध्यक्ष रंजन बोयपाई ने त्रिशानु राय को नियुक्ति प्रमाण-पत्र प्रदान किया।
प्रवक्ता के रूप में पार्टी की नीतियों, विचारधारा और जनहित से जुड़े मुद्दों को सामने रखने वाले त्रिशानु राय की संगठन में भूमिका अब और व्यापक हो गई है। महासचिव का अतिरिक्त दायित्व मिलने पर उन्होंने कहा कि पार्टी नेतृत्व ने उन पर जो भरोसा जताया है, वह सम्मान के साथ बड़ी जिम्मेदारी भी है। वे पूरी निष्ठा, ईमानदारी और समर्पण के साथ इस जिम्मेदारी का निर्वहन करेंगे।
उन्होंने कहा कि प्रवक्ता के दायित्व के साथ महासचिव के रूप में संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करना, कार्यकर्ताओं के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करना और संगठनात्मक गतिविधियों को गति देना उनकी प्राथमिकता होगी। युवा कार्यकर्ताओं को संगठन से जोड़ने, कांग्रेस की विचारधारा एवं सिद्धांतों को जन-जन तक पहुंचाने तथा आम जनता की समस्याओं को पार्टी के मंच पर मजबूती से उठाने पर भी विशेष जोर रहेगा।
त्रिशानु राय ने कहा कि संगठन किसी एक व्यक्ति से नहीं, बल्कि कार्यकर्ताओं की सामूहिक मेहनत और समर्पण से मजबूत होता है। इसलिए वे जिला कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं, पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के साथ समन्वय बनाकर काम करेंगे। उनका प्रयास रहेगा कि कांग्रेस की संगठनात्मक गतिविधियां पंचायत से लेकर बूथ स्तर तक और अधिक प्रभावी हों।
उन्होंने प्रदेश एवं जिला नेतृत्व के प्रति आभार जताते हुए कहा कि यह जिम्मेदारी उनके लिए पद से अधिक संगठन के प्रति जवाबदेही है। वे कांग्रेस की विचारधारा, संविधान, लोकतांत्रिक मूल्यों और जनसेवा की भावना को केंद्र में रखकर अपने दायित्व का निर्वहन करेंगे।
त्रिशानु राय को अतिरिक्त जिम्मेदारी मिलने पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने उन्हें बधाई दी और उम्मीद जताई कि उनकी सक्रियता से पश्चिमी सिंहभूम में संगठन को जमीनी स्तर पर और मजबूती मिलेगी।
कार्यक्रम में महिला कांग्रेस जिलाध्यक्ष नितिमा बारी, युवा कांग्रेस जिलाध्यक्ष प्रीतम बांकिरा, एससी सेल कोल्हान प्रभारी सूरज मुखी, सेवादल मुख्य संगठक लक्ष्मण हासदा, जिला पदाधिकारीगण सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद थे।

