राजनगर: विश्व आदिवासी दिवस के अवसर पर आदिवासी प्रगति क्लब की ओर से राजनगर प्रखंड के रिचीतुका गांव में एक दिवसीय फुटबॉल प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता के पुरस्कार वितरण समारोह में सिंहभूम की सांसद जोबा माझी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं।
प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला एके हार्डगर और एपीसी रिचीतुका के बीच खेला गया। सांसद जोबा माझी ने दोनों टीमों के खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया और फुटबॉल को किक मारकर फाइनल मैच का उद्घाटन किया। निर्धारित समय तक दोनों टीमें कोई गोल नहीं कर सकीं। इसके बाद पेनाल्टी शूटआउट कराया गया, लेकिन मुकाबला बराबरी पर रहा। अंत में रेफरी ने टॉस कराया, जिसमें मेजबान एपीसी रिचीतुका की टीम विजेता घोषित की गई।
पुरस्कार वितरण समारोह को संबोधित करते हुए सांसद जोबा माझी ने कहा कि खेल युवाओं में अनुशासन, टीम भावना और नेतृत्व की भावना विकसित करता है। ग्रामीण क्षेत्रों में इस तरह की प्रतियोगिताएं आयोजित होने से स्थानीय युवाओं की प्रतिभा को सामने आने का अवसर मिलता है। उन्होंने कहा कि फुटबॉल क्षेत्र के युवाओं की प्रतिभा और जुनून से जुड़ा खेल है। जरूरत है कि गांव स्तर पर खिलाड़ियों को लगातार प्रोत्साहन और बेहतर मंच मिले, ताकि वे जिला, राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना सकें।
उन्होंने खिलाड़ियों से खेल भावना के साथ आगे बढ़ने और नियमित अभ्यास करने की अपील की। उन्होंने कहा कि हार-जीत खेल का हिस्सा है, लेकिन मेहनत, अनुशासन और संघर्ष ही खिलाड़ी को आगे बढ़ाते हैं। सांसद ने आयोजन समिति को प्रतियोगिता के आयोजन के लिए बधाई दी और क्षेत्र के युवाओं को खेल के क्षेत्र में हरसंभव प्रोत्साहन देने की बात कही।
समारोह में अतिथियों के हाथों दोनों टीमों को नगद पुरस्कार के साथ ट्रॉफी और खस्सी प्रदान की गई। इस अवसर पर झामुमो के वरिष्ठ नेता केपी सोरेन, भुगलु सोरेन, कृष्णा बास्के, रामजीत हांसदा, रामसिंह हेम्ब्रम, भूकतु मार्डी समेत बड़ी संख्या में खेलप्रेमी मौजूद रहे।

