जमशेदपुर। ब्रह्माकुमारीज़ द्वारा संचालित “10 करोड़ नशामुक्त भारत अभियान” के तहत जनजागरण के लिए तैयार विशेष प्रचार-प्रसार बस पूरी तरह तैयार हो गई है। यह बस शुक्रवार, 7 अगस्त को झारखंड के राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार द्वारा हरी झंडी दिखाकर रवाना की जाएगी। इसके बाद बस झारखंड और पश्चिम बंगाल के विभिन्न शहरों तथा ग्रामीण क्षेत्रों का भ्रमण कर लोगों को नशामुक्ति के प्रति जागरूक करेगी।
ब्रह्माकुमारीज़ कोल्हान प्रभारी बीके अंजू दीदी ने गुरुवार को जारी प्रेस विज्ञप्ति में बताया कि अभियान का शुभारंभ शुक्रवार दोपहर 2:30 बजे मरीन ड्राइव स्थित यूनिवर्सल पीस पैलेस, ब्रह्माकुमारीज़ सेंटर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान होगा। राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे और जनजागरण बस को रवाना करेंगे।
उन्होंने बताया कि इस विशेष बस के माध्यम से लोगों को नशे के दुष्परिणामों की जानकारी दी जाएगी तथा नशामुक्त भारत का संदेश गांव-गांव और शहर-शहर तक पहुंचाया जाएगा। अभियान का उद्देश्य समाज में नशे के प्रति जागरूकता बढ़ाना और युवाओं को स्वस्थ एवं सकारात्मक जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना है।
कार्यक्रम में प्रशासनिक अधिकारियों, शिक्षाविदों, चिकित्सकों, उद्योग जगत के प्रतिनिधियों, समाजसेवियों, गणमान्य नागरिकों तथा ब्रह्माकुमारीज़ के वरिष्ठ पदाधिकारियों की उपस्थिति रहेगी। संस्था ने शहरवासियों से इस जनजागरण कार्यक्रम में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर नशामुक्त भारत के संकल्प को मजबूत बनाने की अपील की है।

