Breaking
Thu. Aug 6th, 2026

मतदाता सूची पुनरीक्षण को लेकर राजनीतिक दलों के साथ बैठक, दावा-आपत्ति प्रक्रिया में सहयोग की अपील

चाईबासा: मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम के तहत प्रारूप मतदाता सूची के प्रकाशन एवं दावा-आपत्ति अवधि को लेकर गुरुवार को निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी सह अनुमंडल पदाधिकारी (सदर) संजय कुमार की अध्यक्षता में उनके कार्यालय कक्ष में मान्यता प्राप्त राष्ट्रीय एवं राज्य स्तरीय राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक आयोजित की गई।

बैठक में संजय कुमार ने बताया कि प्रारूप मतदाता सूची के प्रकाशन के बाद दावा एवं आपत्ति दर्ज कराने की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। उन्होंने सभी राजनीतिक दलों से अपने-अपने बूथ लेवल एजेंट (बीएलए-2) के माध्यम से मतदाता सूची का गहन परीक्षण कराने का आग्रह किया। साथ ही पात्र मतदाताओं के नाम जोड़ने, अपात्र अथवा मृत मतदाताओं के नाम हटाने तथा आवश्यक संशोधन के लिए निर्धारित प्रपत्रों के माध्यम से समय पर आवेदन उपलब्ध कराने की अपील की।

बैठक के दौरान निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों की विस्तार से जानकारी दी गई। दावा एवं आपत्ति की प्रक्रिया को निष्पक्ष, पारदर्शी और समयबद्ध ढंग से पूरा कराने पर विशेष जोर दिया गया। साथ ही राजनीतिक दलों से मतदाता जागरूकता अभियान को मजबूत करने तथा पात्र नागरिकों को मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने के लिए प्रेरित करने का अनुरोध किया गया।

संजय कुमार ने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए शुद्ध एवं अद्यतन मतदाता सूची अत्यंत आवश्यक है। इसके लिए निर्वाचन विभाग और राजनीतिक दलों के बीच बेहतर समन्वय एवं सक्रिय सहभागिता जरूरी है।

बैठक में विभिन्न मान्यता प्राप्त राष्ट्रीय एवं राज्य स्तरीय राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया और मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम के सफल संचालन में निर्वाचन विभाग को पूर्ण सहयोग देने का आश्वासन दिया।

बैठक में कांग्रेस के त्रिशानु राय, भाजपा के रंजन प्रसाद, झामुमो के इकबाल अहमद तथा बसपा के जेम्स हेम्ब्रम सहित अन्य प्रतिनिधि उपस्थित थे।

Related Post