Breaking
Wed. Aug 5th, 2026

तीन रेलवे जोन के 340 रेलकर्मियों को मिला आपदा प्रबंधन का प्रशिक्षण, भूकंप और वज्रपात से बचाव के बताए गए उपाय

जमशेदपुर। दक्षिण पूर्व रेलवे के जोनल प्रशिक्षण संस्थान, सिनी में बुधवार को रेल सिविल डिफेंस की ओर से आपदा प्रबंधन पर विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस प्रशिक्षण में पूर्व तट रेलवे, दक्षिण पूर्व रेलवे और दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के विभिन्न मंडलों से आए कुल 340 रेलकर्मियों ने भाग लिया। प्रशिक्षण का उद्देश्य रेलकर्मियों को प्राकृतिक एवं मानवजनित आपदाओं के दौरान त्वरित और प्रभावी राहत एवं बचाव कार्यों के लिए तैयार करना था।

कार्यक्रम में टाटानगर रेल सिविल डिफेंस के इंस्पेक्टर एवं राष्ट्रपति सम्मानित सदस्य संतोष कुमार ने अतिथि व्याख्याता के रूप में प्रशिक्षण दिया। उन्होंने कहा कि भूकंप, वज्रपात, आगजनी और अन्य आपदाएं किसी भी देश और समाज के लिए बड़ी चुनौती होती हैं। ऐसी परिस्थितियों में यदि लोगों को सही जानकारी और प्राथमिक सुरक्षा के उपाय मालूम हों तो अनेक जानें बचाई जा सकती हैं और नुकसान को काफी हद तक कम किया जा सकता है।

प्रशिक्षण के दौरान भूकंप आने की स्थिति में अपनाई जाने वाली सावधानियों की विस्तार से जानकारी दी गई। रेलकर्मियों को बताया गया कि झटके महसूस होते ही यदि सुरक्षित हो तो तुरंत खुले स्थान पर चले जाएं। बिजली के खंभों, ऊंची इमारतों और बड़े पेड़ों से दूरी बनाए रखें तथा लिफ्ट का उपयोग बिल्कुल न करें। यदि भवन से बाहर निकलना संभव न हो तो कमरे के मजबूत कोने या मेज के नीचे सुरक्षित स्थान लेकर स्वयं की रक्षा करें।

इसके अलावा वज्रपात से बचाव, गोल्डन ऑवर में राहत कार्य, एंबुलेंस सेवा, ट्रायेज प्रणाली, प्राथमिक उपचार, सीपीआर, फर्स्ट एड, सांप एवं कुत्ते के काटने पर उपचार तथा अग्निशमन उपकरणों के सुरक्षित उपयोग की भी विस्तृत जानकारी दी गई। प्रशिक्षण को पावर प्वाइंट प्रस्तुति और डिजिटल माध्यम से व्यावहारिक ढंग से समझाया गया।

प्रतिभागियों की अधिक संख्या को देखते हुए प्रशिक्षण दो सत्रों में आयोजित किया गया। डेमोंस्ट्रेटर अनिल कुमार सिंह ने कक्षा में भूकंप की स्थिति का मॉक ड्रिल कराकर आत्मरक्षा के उपायों का अभ्यास कराया तथा फायर एक्सटिंग्विशर के ‘पास रूल’ का प्रदर्शन भी किया।

प्रशिक्षण में पूर्व तट रेलवे के संबलपुर, खुर्दा और भुवनेश्वर मंडल, दक्षिण पूर्व रेलवे के रांची, आद्रा और खड़गपुर मंडल तथा दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के बिलासपुर, नागपुर और रायगढ़ मंडल से आए स्टेशन मैनेजर, ट्रेन मैनेजर और अन्य रेलकर्मियों ने भाग लिया। कार्यक्रम के अंत में प्रतिभागियों ने प्रशिक्षण को उपयोगी और व्यवहारिक बताते हुए इसकी सराहना की। समापन अवसर पर संस्थान के मुख्य अनुदेशक ने धन्यवाद ज्ञापन किया।

Related Post