Breaking
Wed. Aug 5th, 2026

चतरा : जिले में मंगलवार सुबह हुई बारिश के दौरान वज्रपात की चपेट में आने से एक युवक की मौत हो गई, जबकि एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। दोनों घटनाएं खेत में काम करने के दौरान हुईं।

पहली घटना लावालौंग प्रखंड के चानी गांव की है, जहां खेत में काम कर रहे संजय भुइयाँ वज्रपात की चपेट में आ गए। परिजन उन्हें आनन-फानन में सदर अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही उनकी मौत हो चुकी थी। चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।

वहीं दूसरी घटना सिमरिया प्रखंड के जबड़ा गांव की है। यहां खेत में धान रोपाई कर रही मरियम खातून पर आकाशीय बिजली गिर गई, जिससे वह गंभीर रूप से झुलस गईं। परिजनों ने उन्हें तत्काल सदर अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उनका इलाज जारी है। चिकित्सकों के अनुसार उनकी स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।

मंगलवार सुबह हुई इन दोनों घटनाओं के बाद प्रभावित गांवों में शोक का माहौल है। प्रशासन ने लोगों से खराब मौसम और गरज-चमक के दौरान खुले खेतों या पेड़ों के नीचे काम करने से बचने तथा सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की है।

Related Post