चाईबासा: एसजे डीएवी पब्लिक स्कूल, चाईबासा में मंगलवार को विशेष प्रार्थना सभा के दौरान हंसराज सदन की ओर से डेंगू से बचाव के प्रति जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करना तथा डेंगू जैसी गंभीर बीमारी से बचाव के उपायों की जानकारी देना था।
विद्यालय के प्राचार्य सह एआरओ ओपी मिश्रा ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि डेंगू जैसी बीमारियों से बचाव का सबसे प्रभावी तरीका स्वच्छता बनाए रखना और जल जमाव को रोकना है। उन्होंने विद्यार्थियों से अपने घर, विद्यालय और आसपास के वातावरण को साफ-सुथरा रखने तथा परिवार और समाज को भी स्वास्थ्य एवं स्वच्छता के प्रति जागरूक करने की अपील की।
शिक्षिका ईशिका कुमारी ने डेंगू के कारण, लक्षण और बचाव के उपायों की जानकारी देते हुए विद्यार्थियों को घर और विद्यालय परिसर में कहीं भी पानी जमा नहीं होने देने तथा मच्छरों से बचाव के आवश्यक उपाय अपनाने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत नुक्कड़ नाटक रहा। नाटक के माध्यम से डेंगू से बचाव, स्वच्छता के महत्व और सामूहिक जिम्मेदारी का संदेश दिया गया। पूरब पॉल, सोहम माइती, आरव पॉल, वेदांश सतपथी, आराध्य चौहान, अरिशा सलाम और सान्वी ने अपने अभिनय से दर्शकों का ध्यान आकर्षित किया। प्रस्तुति के माध्यम से बताया गया कि प्रत्येक व्यक्ति की छोटी-सी सावधानी और स्वच्छता के प्रति जागरूकता डेंगू की रोकथाम में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है।
कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों ने अपने घर, विद्यालय और आसपास के वातावरण को स्वच्छ रखने तथा डेंगू उन्मूलन के लिए जन-जागरूकता फैलाने का संकल्प लिया। मंच संचालन आयुषी दास ने किया।

