Breaking
Tue. Aug 4th, 2026

राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार 7 अगस्त को जमशेदपुर से करेंगे 10 करोड़ नशामुक्ति प्रतिज्ञा महाअभियान का शुभारंभ

जमशेदपुर। झारखंड के राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार 7 अगस्त को जमशेदपुर स्थित ब्रह्माकुमारीज़ यूनिवर्सल पीस पैलेस रिट्रीट सेंटर, मरीन ड्राइव से देशव्यापी 10 करोड़ नशामुक्ति प्रतिज्ञा महाअभियान का शुभारंभ करेंगे। इस अवसर पर वे विशेष रूप से तैयार की गई नशामुक्ति जनजागरण बस को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। यह अभियान प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्व विद्यालय द्वारा भारत सरकार के सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय के नशा मुक्त भारत अभियान तथा गृह मंत्रालय के अधीन नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (एनसीबी) के मिशन स्पंदन के सहयोग से संचालित किया जा रहा है।

मंगलवार को आयोजित प्रेसवार्ता में कोल्हान प्रभारी बीके अंजू दीदी ने बताया कि देश को नशामुक्त बनाने के उद्देश्य से यह राष्ट्रव्यापी जनजागरण अभियान शुरू किया जा रहा है। कार्यक्रम के दौरान राज्यपाल 25 अगस्त को राजयोगिनी दादी प्रकाशमणि की पुण्य स्मृति में आयोजित होने वाले मेगा रक्तदान शिविर के पोस्टर का भी लोकार्पण करेंगे। जानकारी दी गई कि पिछले वर्ष भारत और नेपाल के ब्रह्माकुमारी सेवा केंद्रों के संयुक्त प्रयास से 89 हजार से अधिक यूनिट रक्त संग्रहित किया गया था। इस वर्ष 21 से 25 अगस्त तक भारत और नेपाल के सभी सेवा केंद्रों पर इससे भी बड़े स्तर पर मेगा रक्तदान शिविर आयोजित किए जाएंगे।

अभियान का मुख्य आकर्षण अत्याधुनिक तकनीक से सुसज्जित नशामुक्ति जनजागरण बस होगी। बस के भीतर मानवीय कुवृत्तियों और व्यसनों के प्रतीक कुंभकर्ण का जीवंत स्वरूप ऑडियो प्रभावों के साथ प्रस्तुत किया गया है, जहां एक ब्रह्माकुमारी बहन आत्मजागृति और आत्मपरिवर्तन का संदेश देती हुई दिखाई देंगी। बस में लगी विशाल एलईडी स्क्रीन पर नशामुक्ति से संबंधित प्रेरक लघु फिल्में, राजयोग मेडिटेशन के माध्यम से व्यसन छोड़ चुके लोगों के अनुभव तथा सकारात्मक और मूल्यनिष्ठ जीवनशैली से जुड़े संदेश लगातार प्रदर्शित किए जाएंगे, ताकि लोगों में नशा छोड़ने की प्रेरणा और आत्मबल का विकास हो सके।

करीब दो माह तक चलने वाली यह जनजागरण यात्रा तीन चरणों में झारखंड और पश्चिम बंगाल के विभिन्न क्षेत्रों में पहुंचेगी। पहले चरण में लगभग 20 दिनों तक जमशेदपुर के विद्यालयों, महाविद्यालयों, विश्वविद्यालयों, औद्योगिक संस्थानों, सामाजिक संगठनों, पार्कों, मंदिरों, बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन तथा अन्य सार्वजनिक स्थलों पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसके बाद यह यात्रा चाकुलिया, घाटशिला, चक्रधरपुर, चाईबासा, जादूगोड़ा, चांडिल, रामगढ़, हजारीबाग, गया, देवघर, आसनसोल, रानीगंज, बांकुड़ा, निरसा, मधुपुर, बर्नपुर और बलरामपुर सहित अनेक शहरों एवं जिलों में पहुंचेगी।

आयोजकों ने बताया कि इस अभियान का उद्देश्य केवल लोगों से नशामुक्ति की प्रतिज्ञा कराना नहीं, बल्कि समाज में आत्मबल, आत्मसंयम, सकारात्मक सोच और नैतिक मूल्यों को बढ़ावा देना भी है। लोगों से अपील की गई है कि वे स्वयं नशामुक्त जीवन का संकल्प लें और कम से कम पांच अन्य लोगों को भी इस राष्ट्रव्यापी जनआंदोलन से जोड़कर समाज को नशामुक्त बनाने में अपनी सक्रिय भागीदारी निभाएं।

Related Post