सेन्हा (लोहरदगा): अवैध बालू कारोबारियों के विरुद्ध छापेमारी अभियान के दौरान पुलिस ने कोयल नदी से अवैध बालू लदे दो ट्रैक्टर जब्त किए हैं। मामले में खनन अधिनियम के तहत कार्रवाई की जाएगी।
गौरतलब हो कि लोहरदगा जिले के सेन्हा थाना क्षेत्र के चितरी डांडू पंचायत अंतर्गत डांडू कोयल नदी से बालू ढुलाई होने की गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने सोमवार सुबह छापेमारी की। इस दौरान अवैध बालू लादने के क्रम में दो ट्रैक्टर पकड़े गए।
पकड़े गए दोनों ट्रैक्टरों में चितरी डांडू स्थित कोयल नदी से अवैध तरीके से बालू लोड किया जा रहा था। पुलिस ने दोनों वाहनों को जब्त कर थाना लाया। थाना लाने से पूर्व ट्रैक्टर चालकों से बालू परिवहन संबंधी कागजात की मांग की गई, लेकिन चालक कोई भी वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके।
जब्त दोनों ट्रैक्टरों को सुरक्षित थाना परिसर में रखा गया है।
इस संबंध में थाना प्रभारी नीरज झा ने बताया कि चितरी डांडू स्थित कोयल नदी से अवैध बालू लोड करते दो ट्रैक्टरों को जब्त कर थाना में सुरक्षित रखा गया है। उन्होंने बताया कि बालू के खनन और परिवहन से संबंधित कागजात की मांग किए जाने पर चालक कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके, जिसके बाद दोनों ट्रैक्टरों को जब्त किया गया।
थाना प्रभारी ने बताया कि जब्त ट्रैक्टरों की सूचना वरीय पुलिस पदाधिकारियों को दे दी गई है। साथ ही अग्रेतर कार्रवाई के लिए जिला सहायक खनन पदाधिकारी को भी सूचित कर दिया गया है। पकड़े गए ट्रैक्टर के मालिक और चालक के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

