चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम जिला योग एसोसिएशन की कार्यकारिणी सदस्यों की आवश्यक बैठक सोमवार को स्थानीय रुंगटा मैरिज हाउस में घनश्याम मूंधड़ा की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में 8 एवं 9 अगस्त को पिल्लई टाउन हॉल, चाईबासा में आयोजित होने वाली झारखंड राज्य स्तरीय ओपन योग चैंपियनशिप की तैयारियों की समीक्षा की गई तथा विभिन्न समितियों के बीच कार्यों का वितरण किया गया।
बैठक में शामिल झारखंड राज्य योग एसोसिएशन के अध्यक्ष कन्हैयालाल अग्रवाल ने बताया कि प्रतियोगिता में राज्य के सभी 24 जिलों से जिला स्तरीय चयनित प्रतिभागी अपने-अपने कोच के साथ भाग लेंगे। प्रतियोगिता का आयोजन पश्चिमी सिंहभूम जिला योग एसोसिएशन के तत्वावधान में किया जा रहा है, जबकि एसआर रुंगटा ग्रुप इसका प्रायोजक है।
उन्होंने बताया कि सभी जिलों के प्रतिभागी 7 अगस्त को चाईबासा पहुंच जाएंगे। बालिकाओं एवं 18 वर्ष से कम आयु वर्ग के बालकों के ठहरने की व्यवस्था राजस्थान सेवा सदन में तथा 18 वर्ष से अधिक आयु वर्ग के बालक एवं पुरुष प्रतिभागियों के लिए रुंगटा मैरिज हाउस में की गई है।
बैठक में विभिन्न व्यवस्थाओं के लिए जिम्मेदारियां भी सौंपी गईं। प्रतिभागियों के ठहरने की व्यवस्था विष्णु अग्रवाल, गोविंद अग्रवाल, सदानंद साहू और संदीप दोदराजका को दी गई। भोजन व्यवस्था की जिम्मेदारी घनश्याम मूंधड़ा, निलेश कुमार, राजकुमार अग्रवाल और गोविंद अग्रवाल को सौंपी गई। उद्घाटन एवं समापन सत्र की व्यवस्था रामअवतार अग्रवाल और जहांगीर आलम देखेंगे। हॉल व्यवस्था की जिम्मेदारी अजय कुमार मोहता और सुब्रत दास को दी गई। प्रेस कॉन्फ्रेंस की जिम्मेदारी कन्हैयालाल अग्रवाल, दीपक प्रसाद, अरुण विश्वकर्मा और विकास दोदराजका को सौंपी गई। पुरस्कार वितरण का दायित्व सुमित विश्वकर्मा, सुनील प्रजापति और सोम कुमार नायक को दिया गया। स्वागत समिति में मासूमा परवीन, पूजा नायक, अनामिका कुमारी राम और हिम्मती लकड़ा को शामिल किया गया। वहीं संपूर्ण आयोजन की व्यवस्था सुनीत खिरवाल, सुमित कुमार विश्वकर्मा, सुनील प्रजापति और संजय चिरानिया को सौंपी गई।
पश्चिमी सिंहभूम जिला योग एसोसिएशन के सचिव दीपक प्रसाद ने बताया कि प्रतियोगिता के उद्घाटन से पूर्व 8 अगस्त को सुबह 7:30 बजे राजस्थान सेवा सदन से प्रभात फेरी निकाली जाएगी। यह प्रभात फेरी पोस्ट ऑफिस चौक, कपड़ा पट्टी, काली मंदिर और घंटाघर चौक होते हुए पिल्लई टाउन हॉल पहुंचेगी।
उन्होंने कहा कि चाईबासा में इस राज्य स्तरीय आयोजन के लिए एसआर रुंगटा ग्रुप का सहयोग सराहनीय है और इसके लिए एसोसिएशन उनकी आभारी है।
बैठक में कन्हैयालाल अग्रवाल, अरुण विश्वकर्मा, सुनील प्रजापति, घनश्याम मूंधड़ा, रामअवतार अग्रवाल, विष्णु अग्रवाल, नरेश कुमार, गोविंद अग्रवाल, अजय कुमार मोहता, गौरव प्रसाद, सुनीत खिरवाल, जहांगीर आलम, मासूमा परवीन, निर्मल त्रिपाठी, सदानंद साहू, संदीप दोदराजका सहित अन्य सदस्य उपस्थित थे।

