चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम के जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त मनीष कुमार ने मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण-2026 के तहत जिले के सभी पात्र नागरिकों, विशेषकर पहली बार मतदाता बनने जा रहे युवाओं से समय पर मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज कराने की अपील की है। उन्होंने कहा कि 5 अगस्त 2026 को प्रारूप मतदाता सूची के प्रकाशन के साथ मतदाता पंजीकरण की प्रक्रिया शुरू हो जाएगी।
उपायुक्त ने बताया कि जिन युवाओं की आयु 1 अक्टूबर 2026 तक 18 वर्ष या उससे अधिक हो जाएगी अथवा ऐसे पात्र भारतीय नागरिक जिनका नाम किसी कारणवश मतदाता सूची में शामिल नहीं है, वे निर्धारित घोषणा-पत्र के साथ प्रपत्र-6 भरकर अपना नाम मतदाता सूची में दर्ज करा सकते हैं।
उन्होंने बताया कि 5 अगस्त से 4 सितंबर 2026 तक नए मतदाताओं के पंजीकरण के लिए प्रपत्र-6 स्वीकार किए जाएंगे। इस अवधि में पात्र नागरिक अपने संबंधित बूथ लेवल ऑफिसर (बीएलओ) के माध्यम से आवेदन जमा कर सकते हैं। इसके अलावा निर्वाचन आयोग के ऑनलाइन पोर्टल एवं अन्य निर्धारित डिजिटल माध्यमों से भी आवेदन करने की सुविधा उपलब्ध रहेगी। प्राप्त सभी आवेदनों का नियमानुसार सत्यापन कर पात्र आवेदकों के नाम अंतिम मतदाता सूची में शामिल किए जाएंगे।
मनीष कुमार ने कहा कि मतदाता सूची में नाम दर्ज होना केवल एक प्रशासनिक प्रक्रिया नहीं, बल्कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में भागीदारी का संवैधानिक अधिकार और जिम्मेदारी है। उन्होंने लोगों से अपने परिवार, मित्रों, पड़ोसियों तथा 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके युवाओं को भी मतदाता बनने के लिए प्रेरित करने की अपील की।
5 अगस्त को चलेगा #NewVoters सोशल मीडिया अभियान
उपायुक्त ने बताया कि मतदाता जागरूकता को जन-आंदोलन का स्वरूप देने के उद्देश्य से 5 अगस्त को पूर्वाह्न 11 बजे से अपराह्न 1 बजे तक सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर #NewVoters अभियान चलाया जाएगा। उन्होंने जिलेवासियों से इस अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लेने तथा मतदाता पंजीकरण से संबंधित संदेश, पोस्ट, वीडियो एवं जागरूकता सामग्री साझा कर अधिक से अधिक लोगों तक जानकारी पहुंचाने का आग्रह किया।
उन्होंने कहा कि अभियान का उद्देश्य नए मतदाताओं को मतदान प्रक्रिया के प्रति जागरूक करना, मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने की प्रक्रिया को सरल एवं सुलभ बनाना तथा प्रत्येक पात्र नागरिक को लोकतांत्रिक प्रक्रिया से जोड़ना है।
संस्थानों और सामाजिक संगठनों से सहयोग की अपील
मनीष कुमार ने जिले के सभी सरकारी विभागों, पदाधिकारियों एवं कर्मियों, जनप्रतिनिधियों, शिक्षण संस्थानों, महाविद्यालयों, स्वयंसेवी संगठनों, युवा समूहों, सामाजिक संगठनों तथा मीडिया प्रतिनिधियों से विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम एवं #NewVoters अभियान को जनभागीदारी का अभियान बनाने में सक्रिय सहयोग की अपील की। उन्होंने कहा कि सभी संस्थाएं अपने-अपने स्तर पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर पात्र नागरिकों को समय पर मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने के लिए प्रेरित करें।
उन्होंने विश्वास जताया कि जिला निर्वाचन तंत्र और आम नागरिकों के सामूहिक प्रयास से पश्चिमी सिंहभूम जिले के प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में दर्ज होगा तथा लोकतंत्र को और अधिक मजबूत बनाने में यह अभियान महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

