आदित्यपुर। भारत सरकार के युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय के तहत संचालित मेरा युवा भारत (माय भारत), सरायकेला-खरसावां द्वारा सोमवार को श्रीनाथ विश्वविद्यालय परिसर में ‘नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत’ अभियान के अंतर्गत जिला स्तरीय प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना, स्वस्थ एवं सकारात्मक जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना तथा विकसित भारत के निर्माण में उनकी सक्रिय और रचनात्मक भागीदारी सुनिश्चित करना था।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि श्रीनाथ विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. डॉ. एस. एन. सिंह थे। इस अवसर पर विश्वविद्यालय के कुलसचिव डॉ. याहिया मजूमदार, श्रीनाथ कॉलेज ऑफ एजुकेशन की प्राचार्या डॉ. मासूमी महतो, हिंदुस्तान के निदेशक डॉ. ताहिर हुसैन तथा जिला युवा अधिकारी मोंटू पातर सहित कई गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।
प्रतियोगिता में 15 से 29 वर्ष आयु वर्ग के युवाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस दौरान लोकगीत, नृत्य, नुक्कड़ नाटक, पेंटिंग, वाद-विवाद, शॉर्ट फिल्म एवं रील निर्माण, कविता वाचन और स्लोगन लेखन जैसी विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। प्रतिभागियों ने अपनी रचनात्मक प्रस्तुतियों के माध्यम से नशामुक्त समाज का संदेश दिया और युवाओं को नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित सभी लोगों ने नशा मुक्त भारत के निर्माण का संकल्प लेते हुए नशामुक्ति की शपथ भी ग्रहण की। प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को प्रथम, द्वितीय और तृतीय पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। प्रत्येक प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागी अब राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में सरायकेला-खरसावां जिले का प्रतिनिधित्व करेंगे।
कार्यक्रम का संचालन राष्ट्रीय स्तर के विभिन्न युवा कार्यक्रमों में झारखंड का प्रतिनिधित्व कर चुके सक्रिय युवा मानव घोष ने किया। आयोजन के सफल संचालन में विश्वविद्यालय प्रशासन और मेरा युवा भारत की टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

