चाईबासा। पश्चिमी सिंहभूम जिले में अंजुमन इस्लामिया चाईबासा की ओर से रविवार को उर्दू लाइब्रेरी सभागार में “हौसलाअफजाई” विद्यार्थी सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य शिक्षा, कौशल विकास और खेल के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों, प्रशिक्षुओं और खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करना था। कार्यक्रम की शुरुआत जामा मस्जिद के इमाम एवं खतीब मौलाना तहा हुसैन नदवी ने पवित्र कुरान की तिलावत से की।
समारोह में वर्ष 2026 की मैट्रिक परीक्षा में प्रथम श्रेणी से उत्तीर्ण 44 तथा इंटरमीडिएट परीक्षा में प्रथम श्रेणी प्राप्त 17 विद्यार्थियों को प्रशस्ति पत्र और उपहार देकर सम्मानित किया गया। इसके साथ ही अंजुमन इस्लामिया द्वारा संचालित निःशुल्क कंप्यूटर सेंटर के 13, सिलाई प्रशिक्षण केंद्र के 23 और मेहंदी प्रशिक्षण केंद्र के 18 प्रशिक्षुओं को प्रशिक्षण सफलतापूर्वक पूरा करने पर प्रमाण पत्र और उपहार प्रदान किए गए।
खेल जगत में उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल करने वाले युवाओं को भी मंच पर सम्मानित किया गया। बॉडी बिल्डिंग में स्वर्ण पदक जीतने वाले तस्लीम अहमद और पावर लिफ्टिंग में गोल्ड मेडल हासिल करने वाले अकिफ रजा को सम्मानित किया गया। कराटे प्रशिक्षक मी ज़ीशान अली शिद्दीक और ज़िकरा हयात को खेल क्षेत्र में उनके योगदान के लिए सम्मानित किया गया, जबकि मानवाधिकार एवं सामाजिक कार्यकर्ता बैरम खान को सामाजिक सेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्यों के लिए सम्मान प्रदान किया गया।
कार्यक्रम का संचालन अंजुमन इस्लामिया चाईबासा के सचिव फैयाज खान उर्फ बल्लो खान ने किया। इस दौरान शाहीन अकादमी, जमशेदपुर के संचालक ने विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा, प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी और अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित रहने के लिए प्रेरित किया।
अपने संबोधन में सचिव फैयाज खान उर्फ बल्लो खान ने कहा कि संस्था का उद्देश्य केवल सम्मान समारोह आयोजित करना नहीं, बल्कि समाज के बच्चों और युवाओं में शिक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाना और उन्हें बेहतर भविष्य के लिए प्रेरित करना है। उन्होंने कहा कि आज के विद्यार्थी ही कल के समाज और देश की दिशा तय करेंगे, इसलिए प्रत्येक परिवार को बच्चों की शिक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देनी चाहिए। उन्होंने विश्वास दिलाया कि अंजुमन इस्लामिया भविष्य में भी शिक्षा, कौशल विकास और सामाजिक उत्थान से जुड़े कार्यक्रमों का आयोजन निरंतर करती रहेगी।
समारोह में अख्तर रुमानी, मोहम्मद सज्जाद, मोहम्मद जहांगीर आलम, इरशाद अनवर खान, मुहम्मद साकिर, मुहम्मद अल्ताफ, शफीक मास्टर, प्रिंस मास्टर, कोषाध्यक्ष वसिउद्दीन, राशिद राज, मुहम्मद असलम, शेख आज़ाद, तहसीन अमीन, दानिश अख्तर, दानिश रजा सहित अंजुमन इस्लामिया के पदाधिकारी, सदस्य, सम्मानित विद्यार्थी, प्रशिक्षु तथा बड़ी संख्या में अभिभावक मौजूद रहे। कार्यक्रम का समापन सभी विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाओं के साथ हुआ।

