रांची: राजधानी रांची के जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम स्थित हाईमास्ट टावर पर चढ़े युवक हीरालाल को करीब आठ घंटे की मशक्कत के बाद पुलिस और प्रशासन ने सुरक्षित नीचे उतार लिया। नीचे उतरने के बाद पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
पूछताछ में हीरालाल ने बताया कि वह सरकारी नीतियों और सरकारी नौकरियों में कथित अनियमितताओं से परेशान था। उसका कहना है कि लंबे समय से सरकारी नौकरी की तैयारी करने के बावजूद भर्ती प्रक्रियाओं में गड़बड़ियों के कारण उसे सफलता नहीं मिल सकी।
हीरालाल ने अपनी पारिवारिक परेशानियों का भी जिक्र किया। उसने बताया कि उसकी पत्नी मेडिकल दुकान चलाती है और अक्सर उसे ताना देती थी कि वह “एक रुपया कमाने की भी औकात नहीं रखता।” इसी वजह से उसने मुख्यमंत्री से प्रतीकात्मक रूप से ₹1 की मांग की थी।
उसने यह भी बताया कि वह पिछले कई दिनों से छात्रों के आंदोलन में शामिल होकर अपनी मांगें मीडिया और सरकार के सामने रख रहा था, लेकिन उसकी बात नहीं सुनी गई। इसी नाराजगी और पारिवारिक तनाव के चलते उसने टावर पर चढ़ने जैसा कदम उठाया।
पुलिस के अनुसार, हीरालाल से पूछताछ की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद ही पूरे मामले की विस्तृत जानकारी सामने आएगी।

