Breaking
Sun. Aug 2nd, 2026

पलामू में अड्डेबाजों पर पुलिस का शिकंजा, रातभर चले विशेष अभियान में 100 से अधिक लोगों को उठाकर थानों में की गई पूछताछ

पलामू। जिले में कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने और असामाजिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से पलामू पुलिस ने शनिवार रात व्यापक विशेष अभियान चलाया। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर जिले के सभी थाना क्षेत्रों में एक साथ कार्रवाई करते हुए सार्वजनिक स्थानों, चौक-चौराहों, बाजारों तथा अन्य संवेदनशील इलाकों में अड्डेबाजी कर रहे लोगों के खिलाफ अभियान चलाया गया।

अभियान के दौरान विभिन्न थाना क्षेत्रों में पुलिस टीमों ने कई स्थानों पर छापेमारी की और अड्डेबाजी करते मिले 100 से अधिक लोगों को पूछताछ के लिए संबंधित थानों में लाया गया। पुलिस ने सभी व्यक्तियों से उनके वहां मौजूद रहने के कारण, गतिविधियों और पहचान संबंधी जानकारी ली। सत्यापन और पूछताछ पूरी होने के बाद उन्हें भविष्य में सार्वजनिक स्थानों पर अनावश्यक रूप से जमावड़ा नहीं लगाने तथा किसी भी प्रकार की कानून-व्यवस्था भंग करने वाली या असामाजिक गतिविधियों से दूर रहने की सख्त चेतावनी दी गई।

पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि इस बार संबंधित लोगों को समझाइश देकर छोड़ दिया गया है, लेकिन यदि भविष्य में वे दोबारा अड्डेबाजी, उपद्रव, शांति भंग करने या किसी भी अवैध गतिविधि में संलिप्त पाए गए तो उनके खिलाफ विधिसम्मत कठोर कार्रवाई की जाएगी।

पलामू पुलिस का कहना है कि जिले में अपराध नियंत्रण, शांति व्यवस्था बनाए रखने और आम नागरिकों में सुरक्षा की भावना मजबूत करने के लिए इस प्रकार के विशेष अभियान आगे भी लगातार चलाए जाएंगे। पुलिस ने आम लोगों से भी अपील की है कि वे कानून-व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि या असामाजिक तत्वों की सूचना तत्काल निकटतम थाना अथवा पुलिस को दें, ताकि समय रहते प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।

Related Post