जमशेदपुर, 31 जुलाई: फेडरेशन ऑफ झारखंड चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज (एफजेसीसीआई) एवं सिंहभूम चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री (एससीसीआई) के संयुक्त तत्वावधान में 1 अगस्त 2026 को बिष्टुपुर स्थित चैंबर भवन में “झारखंड में अवसर एवं चुनौतियां: सिम्पोजियम 2026” का आयोजन किया जाएगा। इस आयोजन को झारखंड के व्यापार, उद्योग और निवेश क्षेत्र में नई दिशा देने वाला महत्वपूर्ण प्रयास बताया जा रहा है।
एफजेसीसीआई के कोल्हान क्षेत्रीय उपाध्यक्ष एवं सिंहभूम चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री के निवर्तमान अध्यक्ष विजय आनंद मूनका ने कहा कि “सिम्पोजियम 2026 झारखंड के व्यापार एवं उद्योग जगत के लिए एक नई क्रांति साबित हो सकता है।” उन्होंने कहा कि यह सिर्फ एक संगोष्ठी नहीं, बल्कि राज्य के आर्थिक भविष्य का रोडमैप तैयार करने का एक सशक्त मंच होगा।
उन्होंने बताया कि सिम्पोजियम में झारखंड के विभिन्न चैंबर ऑफ कॉमर्स के प्रतिनिधि, उद्योगपति, उद्यमी और व्यापारिक प्रतिनिधि शामिल होंगे। कार्यक्रम में राज्य में उद्योगों की संभावनाएं, निवेश के अवसर, आधारभूत संरचना, एमएसएमई, स्टार्टअप, व्यापार सुगमता और औद्योगिक विकास जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा की जाएगी।
विजय आनंद मूनका ने कहा कि झारखंड प्राकृतिक और खनिज संसाधनों से समृद्ध राज्य है, लेकिन अभी भी इसकी औद्योगिक क्षमता का पूरी तरह उपयोग नहीं हो पाया है। उन्होंने कहा कि यह सिम्पोजियम निवेशकों का विश्वास बढ़ाने, नई औद्योगिक इकाइयों को आकर्षित करने, रोजगार के अवसर बढ़ाने और व्यापारिक माहौल को मजबूत करने में अहम भूमिका निभाएगा।
उन्होंने बताया कि सिम्पोजियम में प्राप्त सुझावों और निष्कर्षों का विस्तृत प्रतिवेदन तैयार कर झारखंड सरकार को सौंपा जाएगा, ताकि राज्य की औद्योगिक और व्यापारिक नीतियों के निर्माण में इन्हें शामिल किया जा सके।
इस कार्यक्रम में एफजेसीसीआई के अध्यक्ष आदित्य मल्होत्रा, मानद महासचिव रोहित अग्रवाल सहित फेडरेशन के कई पदाधिकारी शामिल होंगे। वहीं सिंहभूम चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री के पदाधिकारी और कार्यकारिणी सदस्य आयोजन को सफल बनाने में जुटे हुए हैं।
मूनका ने कहा कि झारखंड के सभी चैंबर ऑफ कॉमर्स इस ऐतिहासिक सिम्पोजियम में भाग लेने के लिए जमशेदपुर पहुंचेंगे। उन्होंने विश्वास जताया कि व्यापार और उद्योग के साझा भविष्य पर मंथन से आत्मनिर्भर, समृद्ध और विकसित झारखंड के निर्माण को नई गति मिलेगी।

