Breaking
Fri. Jul 31st, 2026

स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारियों की उपायुक्त ने की समीक्षा, 15 अगस्त को सुबह 9:05 बजे पुलिस लाइन में होगा मुख्य राजकीय समारोह

चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम जिला समाहरणालय सभागार में शुक्रवार को उपायुक्त मनीष कुमार की अध्यक्षता एवं पुलिस अधीक्षक अमित रेणु की उपस्थिति में स्वतंत्रता दिवस समारोह-2026 के सफल आयोजन को लेकर समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर आयोजित होने वाले विभिन्न कार्यक्रमों और तैयारियों की विभागवार समीक्षा की गई तथा संबंधित अधिकारियों को सभी व्यवस्थाएं समय पर पूरी करने के निर्देश दिए गए।

बैठक को संबोधित करते हुए उपायुक्त मनीष कुमार ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस राष्ट्रीय गौरव और सम्मान का पर्व है। इसके आयोजन में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए। उन्होंने समारोह स्थल पर सुरक्षा व्यवस्था, विधि-व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, स्वास्थ्य सुविधा, पेयजल, विद्युत आपूर्ति, साफ-सफाई, अग्निशमन, मंच, ध्वनि विस्तारक यंत्र तथा अतिथियों और आम लोगों के बैठने की व्यवस्था समय पर सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

बैठक में बताया गया कि जिला मुख्यालय का मुख्य राजकीय समारोह 15 अगस्त 2026 को सुबह 9:05 बजे पुलिस लाइन, चाईबासा में आयोजित किया जाएगा। इस दौरान मुख्य अतिथि राष्ट्रीय ध्वज फहराएंगे और परेड की सलामी लेंगे।

इसके अलावा जिले के सभी सरकारी कार्यालयों, शैक्षणिक संस्थानों, पंचायत कार्यालयों तथा अन्य सार्वजनिक संस्थानों में भी निर्धारित समय के अनुसार राष्ट्रीय ध्वज फहराया जाएगा। उपायुक्त ने सभी विभागों को सौंपे गए दायित्वों की समीक्षा करते हुए तय समय-सीमा के भीतर सभी तैयारियां पूरी करने का निर्देश दिया।

15 अगस्त के ध्वजारोहण कार्यक्रम का समय इस प्रकार निर्धारित किया गया है—

सुबह 8:00 बजे – उपायुक्त आवासीय कार्यालय, सुबह 8:00 बजे – पुलिस अधीक्षक आवासीय कार्यालय, सुबह 8:15 बजे – आयुक्त आवासीय कार्यालय, सुबह 8:15 बजे – पुलिस उपमहानिरीक्षक आवास, सुबह 9:05 बजे – मुख्य राजकीय समारोह, पुलिस लाइन, चाईबासा, सुबह 10:10 बजे – आयुक्त कार्यालय, सुबह 10:10 बजे – जिला परिषद कार्यालय, सुबह 10:10 बजे – अनुमंडल कार्यालय, सदर चाईबासा, सुबह 10:10 बजे – भारतीय रेड क्रॉस सोसाइटी, चाईबासा, सुबह 10:50 बजे – समाहरणालय, चाईबासा।

बैठक में उप विकास आयुक्त, सभी अनुमंडल पदाधिकारी, प्रशिक्षु आईएएस, सभी जिला स्तरीय पदाधिकारी, स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी तथा स्वतंत्रता दिवस समारोह से जुड़े विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। बैठक में सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ समारोह को सफल एवं गरिमापूर्ण ढंग से संपन्न कराने का निर्देश दिया गया।

Related Post