चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम जिला प्रशासन की ओर से संचालित “प्रोजेक्ट परख–तैयारी उड़ान की” के तहत उपायुक्त मनीष कुमार की अध्यक्षता में समाहरणालय से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में बोर्ड परीक्षा की तैयारियों और विद्यालयों में चल रहे शैक्षणिक कार्यों की समीक्षा की गई।
बैठक में उप विकास आयुक्त उत्कर्ष कुमार, अपर उपायुक्त किस्टो कुमार बेसरा, पोड़ाहाट-चक्रधरपुर अनुमंडल पदाधिकारी श्रुति राजलक्ष्मी, प्रशिक्षु आईएएस ईरा जोरवाल, जिला शिक्षा पदाधिकारी प्रिंस कुमार, जिला शिक्षा अधीक्षक प्रवीण कुमार सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे। जिले के सभी सरकारी एवं सरकारी सहायता प्राप्त विद्यालयों के प्राचार्य और शिक्षक वर्चुअल माध्यम से जुड़े।
मनीष कुमार ने कहा कि विद्यार्थियों को आगामी दसवीं बोर्ड परीक्षा के लिए बेहतर तरीके से तैयार करना जिला प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने बताया कि 2 अगस्त 2026 को जिले के तीनों अनुमंडल मुख्यालयों के चयनित विद्यालयों में कक्षा 10 के विद्यार्थियों के लिए ‘परख ओलंपियाड’ आयोजित किया जाएगा। इस प्रतियोगिता से विद्यार्थियों की तैयारी का आकलन होगा और उनका आत्मविश्वास भी बढ़ेगा। उन्होंने सभी प्राचार्यों को अधिक से अधिक विद्यार्थियों की भागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में विद्यालयों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ विद्यार्थियों के व्यक्तित्व विकास पर भी जोर दिया गया। उपायुक्त ने ‘प्रोजेक्ट चेंज’ के तहत सड़क सुरक्षा, नशा मुक्ति, बड़ों के सम्मान, अनुशासन, नैतिक मूल्यों और शिक्षा के महत्व जैसे विषयों पर नियमित जागरूकता कार्यक्रम चलाने के निर्देश दिए।
समीक्षा के दौरान विद्यालय भवन, अतिरिक्त कक्ष, चारदीवारी और अन्य आधारभूत संरचना से जुड़े निर्माण कार्यों की भी समीक्षा की गई। मनीष कुमार ने सभी निर्माण कार्य निर्धारित समय सीमा और गुणवत्ता के अनुरूप पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को सुरक्षित और बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराना जिला प्रशासन की प्राथमिकता है।
बैठक के अंत में उपायुक्त ने शिक्षकों और प्राचार्यों से विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ अनुशासन, नैतिकता और सामाजिक जिम्मेदारियों के प्रति भी जागरूक बनाने की अपील की।

