कुडू – लोहरदगा: लोहरदगा मंडल कारा में बंद कुडू थाना क्षेत्र के पंडरा गांव निवासी स्व. हजरत पवरिया के 25 वर्षीय पुत्र जाहिद पवरिया उर्फ रिंकू की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के बाद सोमवार को ग्रामीणों का आक्रोश फूट पड़ा। बुधवार की सुबह आक्रोशित ग्रामीणों ने कुडू-रांची मुख्य मार्ग एनएच-39 स्थित बरवाटोली चौक को जाम कर दिया, जिससे लगभग दो घंटे तक आवागमन पूरी तरह ठप रहा और सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। जाम की सूचना मिलते ही लोहरदगा एसडीपीओ श्रद्धा केरकेट्टा, इंस्पेक्टर चंद्रशेखर आजाद, थाना प्रभारी अजित कुमार, कुडू अंचलाधिकारी सहित बड़ी संख्या में पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने ग्रामीणों को समझाने-बुझाने का प्रयास किया, लेकिन मृतक के परिजनों को उचित मुआवजा, मामले की निष्पक्ष जांच तथा दोषियों पर कार्रवाई की मांग को लेकर लोग अड़े रहे। स्थिति को देखते हुए मौके पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई। इस दौरान झामुमो जिला अध्यक्ष मोजम्मिल अंसारी, आजसू के केंद्रीय सचिव गुड्डू लाल तथा उपप्रमुख ऐनुल अंसारी ने भी ग्रामीणों से बातचीत कर माहौल शांत कराने का प्रयास करते दिखे।
ड्रोन से रिकॉर्डिंग कराये जाने का ग्रामीणों ने किया विरोध।
बातचीत के बाद ग्रामीण जाम हटाने के लिए तैयार हो गए थे, लेकिन पुलिस द्वारा ड्रोन से वीडियोग्राफी किए जाने पर एक बार फिर लोग नाराज हो गए और पुलिस द्वारा साजिश के तहत रेकॉर्डिंग कराए का आरोप लगाते हुए वार्ता से इनकार कर दिया। कई घंटे चली मशक्कत के बाद एसडीपीओ श्रद्धा केरकेट्टा ने मामले की निष्पक्ष जांच, परिजनों को हरसंभव सहायता तथा आंदोलन में शामिल लोगों पर कोई मुकदमा नहीं किए जाने का आश्वासन के बाद ग्रामीणों ने जाम समाप्त किया और आवागमन सामान्य हो सका। हालांकि जाम के दौरान यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
मृतक पर दर्ज था मामला, मां ने लगाए गंभीर आरोप।
जानकारी के अनुसार मृतक जाहिद पवरिया उर्फ रिंकू कुडू थाना कांड संख्या 40/26 का प्राथमिक अभियुक्त था। गांव की एक युवती द्वारा उसके खिलाफ आरोप लगाए गए थे, जिसके बाद वह न्यायिक हिरासत में मंडल कारा लोहरदगा में बंद था। मृतक की मां समीना खातून ने जेल प्रशासन और शिकायतकर्ता पक्ष पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि उनके बेटे को साजिश के तहत जेल में रखा गया था। उन्होंने बताया कि मंगलवार शाम उनकी बेटे से फोन पर बात हुई थी, जिसमें उसने दो साबुन और अन्य आवश्यक सामान भेजने को कहा था तथा उसने किसी प्रकार की तबीयत खराब होने की बात नहीं कही थी। समीना खातून के अनुसार बुधवार सुबह करीब आठ बजे कुडू थाना से उनके बड़े पुत्र शाहिद अली को फोन कर सूचना दी गई कि जाहिद की मौत हो गई है और उसका शव सदर अस्पताल में रखा गया है। उन्होंने यह भी दावा किया कि दोनों पक्षों की ओर से अंजुमन तथा न्यायालय में समझौते का आवेदन भी दिया गया था, लेकिन राजनीतिक संरक्षण प्राप्त लड़की के पिता के दबाव में उनके बेटे की हत्या करवा दी गई। बताया जाता है कि पिछले वर्ष उसके पिता हजरत पवरिया का भी निधन हो चुका है। हालांकि, प्रशासन की ओर से अभी तक मौत के कारणों की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। मामले की वास्तविक तस्वीर पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल पूरे क्षेत्र में घटना को लेकर चर्चा और आक्रोश का माहौल बना हुआ है।

