आदित्यपुर। सरायकेला-खरसावां जिला पुलिस ने ब्राउन शुगर के अवैध कारोबार के खिलाफ अब तक की सबसे बड़ी आर्थिक कार्रवाई करते हुए लाखों रुपये की नकदी बरामद की है। पुलिस अधीक्षक मनोज स्वर्गायरी के निर्देश पर गठित विशेष टीम ने आदित्यपुर थाना क्षेत्र के मुस्लिम बस्ती में छापेमारी कर ब्राउन शुगर की बिक्री से जुड़े 7 लाख 59 हजार 650 रुपये नकद तथा 20 पुड़िया ब्राउन शुगर बरामद की। इस कार्रवाई में एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया, जबकि मुख्य आरोपी सहित छह लोग मौके से फरार हो गए।
पुलिस अधीक्षक मनोज स्वर्गायरी ने प्रेसवार्ता में बताया कि गुप्त सूचना मिली थी कि मुस्लिम बस्ती निवासी जावेद अंसारी उर्फ लालटू के घर पर ब्राउन शुगर की बिक्री से प्राप्त रकम का हिसाब-किताब किया जा रहा है। सूचना के सत्यापन के बाद विशेष टीम ने तड़के छापेमारी की। पुलिस के पहुंचते ही घर में मौजूद लोग छत के रास्ते भागने लगे। इस दौरान आरोपियों ने नकदी से भरे छोटे-छोटे झोले आसपास फेंक दिए, जिन्हें पुलिस ने जब्त कर लिया।
घटनास्थल की घेराबंदी के दौरान पुलिस ने जुगसलाई के गरीब नवाज कॉलोनी निवासी आजाद अंसारी को गिरफ्तार कर लिया। उसकी तलाशी में 20 पुड़िया ब्राउन शुगर के साथ कुल 7 लाख 59 हजार 650 रुपये नकद बरामद किए गए। पुलिस का मानना है कि यह राशि ब्राउन शुगर के अवैध कारोबार से अर्जित की गई थी।
एसपी ने बताया कि छापेमारी के दौरान मुख्य आरोपी जावेद अंसारी उर्फ लालटू के अलावा इमरान, राशिदा खातून, विपुल कर्मकार, रोहित कर्मकार उर्फ सिपुल तथा प्रकाश पटेल फरार होने में सफल रहे। सभी आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है।
मनोज स्वर्गायरी ने कहा कि ब्राउन शुगर की बिक्री से जुड़े पैसों की बरामदगी के मामले में यह सरायकेला-खरसावां जिला पुलिस की अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई है। उन्होंने यह भी घोषणा की कि सफल छापेमारी करने वाली पुलिस टीम को पुरस्कृत किया जाएगा। साथ ही उन्होंने स्पष्ट किया कि जो लोग अपराध का रास्ता छोड़कर सामान्य जीवन अपनाना चाहते हैं, उन्हें पुलिस सहयोग करेगी, लेकिन नशीले पदार्थों की तस्करी, अपराध को संरक्षण देने या किसी भी आपराधिक गतिविधि में शामिल लोगों के खिलाफ आगे भी कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।

