मनोहरपुर: स्थानीय मनीपुर मैदान में आयोजित स्व. देवेंद्र माझी मेमोरियल लोकल फुटबॉल लीग का सोमवार को फाइनल मुकाबले और पुरस्कार वितरण समारोह के साथ समापन हो गया। फाइनल में डीपी ब्वॉयज द्रीपशीला ने एफसी पानीटंकी को 1-0 से हराकर खिताब अपने नाम किया।
मुकाबले का एकमात्र और निर्णायक गोल प्रीतम सोय ने किया। शानदार प्रदर्शन के लिए प्रीतम सोय को मैन ऑफ द मैच और मैन ऑफ द टूर्नामेंट चुना गया।
समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में विधायक जगत माझी शामिल हुए। उन्होंने विजेता टीम को ट्रॉफी और 15 हजार रुपये नकद पुरस्कार प्रदान किया। वहीं, उपविजेता एफसी पानीटंकी को जिला परिषद सदस्य जेपी महतो ने ट्रॉफी के साथ 10 हजार रुपये का नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया।
इस अवसर पर विधायक जगत माझी ने कहा कि छोटे-छोटे खेल आयोजनों से ग्रामीण क्षेत्रों के खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलता है। उन्होंने कहा कि उनकी हमेशा कोशिश रही है कि क्षेत्र की प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का मौका मिले। उन्होंने खिलाड़ियों को जिला स्तरीय प्रतियोगिताओं में भाग लेने के लिए प्रेरित करते हुए कहा कि आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराने में हरसंभव सहयोग किया जाएगा।
कार्यक्रम में अशोक बांदा, दीपक एक्का, बामिया माझी, भीम सांडिल, अजय कच्छप, अश्वनी बघेल, चंचल रवानी, बंधना उरांव, शंकर मुंडारी और अजहर अली सहित बड़ी संख्या में खेलप्रेमी और ग्रामीण मौजूद रहे।

