Breaking
Mon. Jul 27th, 2026

जंतर-मंतर घटना के विरोध में साकची में सीजीपीसी की भूख हड़ताल, किसानों के समर्थन में उठी आवाज; भारत-अमेरिका ट्रेड डील का भी किया विरोध

जमशेदपुर। साकची गोलचक्कर पर सोमवार को सेंट्रल गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (सीजीपीसी) के बैनर तले एकदिवसीय सांकेतिक भूख हड़ताल आयोजित कर केंद्र सरकार की विभिन्न नीतियों के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया गया। प्रदर्शनकारियों ने जंतर-मंतर पर छात्रों पर हुए कथित लाठीचार्ज की निंदा करते हुए इसे लोकतांत्रिक मूल्यों के विरुद्ध बताया। इसके साथ ही किसानों की मांगों के समर्थन में आवाज बुलंद की गई तथा प्रस्तावित भारत-अमेरिका ट्रेड डील का भी विरोध किया गया।

भूख हड़ताल के दौरान वक्ताओं ने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर बल प्रयोग किसी भी स्थिति में उचित नहीं माना जा सकता। उन्होंने कहा कि सरकार को छात्रों की आवाज सुननी चाहिए और उनके लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा सुनिश्चित करनी चाहिए। वक्ताओं ने कहा कि किसानों की विभिन्न मांगें लंबे समय से लंबित हैं और सरकार को उनका शीघ्र समाधान करना चाहिए। उन्होंने किसानों के हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता देने की मांग करते हुए कहा कि कृषि क्षेत्र की अनदेखी देश के हित में नहीं होगी।

प्रदर्शनकारियों ने प्रस्तावित भारत-अमेरिका ट्रेड डील पर भी चिंता व्यक्त की। उनका कहना था कि इस तरह के व्यापारिक समझौतों का सबसे अधिक असर देश के किसानों और डेयरी क्षेत्र पर पड़ सकता है। उन्होंने सरकार से किसी भी अंतरराष्ट्रीय व्यापार समझौते से पहले किसानों के हितों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की।

भूख हड़ताल के दौरान हाल ही में शिक्षा मंत्री के इस्तीफे का उल्लेख करते हुए सेंट्रल गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी की ओर से केंद्रीय गृह मंत्री के इस्तीफे की भी मांग उठाई गई। वक्ताओं ने कहा कि सरकार को लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा करते हुए जनहित के मुद्दों पर संवेदनशीलता के साथ निर्णय लेना चाहिए। साथ ही किसानों की समस्याओं का स्थायी समाधान निकालने की भी अपील की गई।

इस अवसर पर सिख समाज के सरदार शैलेंद्र सिंह, अवतार सिंह, इंदर सिंह, महेंद्रपाल सिंह और हरभजन सिंह सहित सेंट्रल गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के पदाधिकारी, विभिन्न गुरुद्वारों के प्रधान तथा बड़ी संख्या में सिख समाज के लोग मौजूद रहे। प्रदर्शन के दौरान केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी भी की गई और प्रदर्शनकारियों ने अपनी मांगों को लेकर एकजुटता का प्रदर्शन किया।

Related Post