Breaking
Mon. Jul 27th, 2026

खाद्य सुरक्षा पर चाईबासा चेम्बर और फूड सेफ्टी ऑफिसर की बैठक, जागरूकता के बाद कार्रवाई पर जोर

चाईबासा: जिले में खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा विभिन्न खाद्य प्रतिष्ठानों में की जा रही जांच और कार्रवाई के बीच सोमवार को चाईबासा चेम्बर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के प्रतिनिधिमंडल ने जिला फूड सेफ्टी ऑफिसर धनेश्वर हेम्ब्रम से मुलाकात की। बैठक में खाद्य व्यवसायियों की व्यावहारिक समस्याओं और खाद्य सुरक्षा मानकों के प्रभावी पालन पर विस्तार से चर्चा हुई।

प्रतिनिधिमंडल में चेम्बर अध्यक्ष संजय चौबे, निवर्तमान अध्यक्ष मधुसूदन अग्रवाल, संयुक्त सचिव गोविंदा खेतान और विवेक कुमार सिन्हा शामिल थे।

बैठक के दौरान चेम्बर पदाधिकारियों ने कहा कि खाद्य सुरक्षा कानून का पालन सभी खाद्य व्यवसायियों की जिम्मेदारी है। उन्होंने आग्रह किया कि जिन मामलों में गंभीर अनियमितता नहीं हो, वहां विभाग पहले जागरूकता अभियान चलाकर व्यवसायियों को नियमों की जानकारी दे और आवश्यक सुधार का अवसर प्रदान करे, ताकि छोटे और मध्यम स्तर के व्यापारी भी निर्धारित मानकों का पालन कर सकें।

इस पर फूड सेफ्टी ऑफिसर धनेश्वर हेम्ब्रम ने कहा कि यदि खाद्य व्यवसायी स्वयं नियमों के प्रति सजग और जिम्मेदार रहेंगे तो कार्रवाई की नौबत नहीं आएगी। उन्होंने कहा कि खाद्य सुरक्षा सीधे लोगों के स्वास्थ्य से जुड़ा विषय है, इसलिए इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जा सकती। विभाग का उद्देश्य केवल कार्रवाई करना नहीं, बल्कि लोगों तक सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री पहुंचाना तथा खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित कराना है।

बैठक में सभी खाद्य प्रतिष्ठानों में स्वच्छता बनाए रखने, भोजन तैयार करने और परोसने वाले कर्मचारियों द्वारा ग्लव्स और हेयर नेट कैप का उपयोग करने, रसोई और प्रतिष्ठान की नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित करने तथा एक्सपायरी खाद्य सामग्री का उपयोग या भंडारण नहीं करने पर भी जोर दिया गया।

चाईबासा चेम्बर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज ने होटल, रेस्टोरेंट, मिठाई दुकान, बेकरी, फास्ट फूड सेंटर, किराना, डेयरी समेत सभी खाद्य व्यवसायियों से खाद्य सुरक्षा और स्वच्छता के मानकों का पालन करने की अपील की। चेम्बर ने विश्वास जताया कि विभाग और व्यापारिक संगठनों के बीच लगातार संवाद और जागरूकता कार्यक्रमों से जिले में खाद्य सुरक्षा का बेहतर वातावरण तैयार होगा।

Related Post