Breaking
Mon. Jul 27th, 2026

जायदा पुल के पास नदी में डूबे ट्रेलर चालक का शव बरामद, एनडीआरएफ ने चलाया सर्च ऑपरेशन

चांडिल। सरायकेला-खरसावां जिले के चांडिल थाना क्षेत्र स्थित जायदा पुल के समीप छठ घाट नदी में रविवार शाम नहाने के दौरान लापता हुए ट्रेलर चालक का शव सोमवार सुबह बरामद कर लिया गया। रांची से पहुंची राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) की टीम ने सुबह करीब 9:30 बजे सर्च अभियान शुरू किया और लगभग एक घंटे की मशक्कत के बाद नदी से शव को बाहर निकाल लिया। तेज बहाव के कारण शव घटनास्थल से करीब एक किलोमीटर दूर जायदा मंदिर के सामने मिला।

मृतक की पहचान दिल्ली निवासी करीब 35 वर्षीय शोहरुख खान के रूप में हुई है। वह ट्रेलर चालक था और अपने साथियों के साथ दिल्ली से जमशेदपुर जा रहा था। रास्ते में जायदा पुल के पास एक होटल के सामने ट्रेलर खड़ा कर सभी साथी नदी में स्नान करने उतर गए। इसी दौरान शोहरुख गहरे पानी में चला गया और तेज धारा की चपेट में आने से बह गया।

घटना की सूचना मिलते ही चौका और चांडिल थाना पुलिस मौके पर पहुंची तथा स्थानीय लोगों की सहायता से देर शाम तक तलाश अभियान चलाया गया, लेकिन नदी का तेज बहाव होने के कारण सफलता नहीं मिल सकी। इसके बाद सोमवार सुबह एनडीआरएफ की टीम ने सर्च ऑपरेशन शुरू किया और कुछ ही समय में शव बरामद कर लिया।

बताया जा रहा है कि लगातार हो रही बारिश के कारण चांडिल डैम के सात फाटक खोले गए हैं, जिससे नदी का जलस्तर और बहाव काफी बढ़ गया था। इसी वजह से राहत एवं बचाव कार्य में भी कठिनाई आई।

शव मिलने की सूचना पर मृतक के दो रिश्तेदार मौके पर पहुंचे, जबकि दिल्ली में रह रहे अन्य परिजनों को भी हादसे की जानकारी दे दी गई है। इस दर्दनाक घटना के बाद परिवार में शोक का माहौल है। स्थानीय लोगों ने बताया कि इसी वर्ष 9 जून को भी इसी स्थान से सोनारी निवासी प्रेम कुमार का शव बरामद हुआ था, जिसके बाद एक बार फिर इस क्षेत्र में नदी की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठने लगे हैं।

Related Post