चाईबासा: अखिल भारतीय मारवाड़ी महिला समिति, सृजन शाखा, चाईबासा की ओर से हरित क्षेत्र गठन अभियान के तहत पुलिस लाइन परिसर में पौधारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देना तथा भविष्य में स्वच्छ वातावरण और हरियाली सुनिश्चित करना था।
कार्यक्रम के दौरान पुलिस लाइन के हेड मेजर मानसू गोप एवं सार्जेंट प्रतीक कुमार ने पौधारोपण अभियान को सफल बनाने में सहयोग किया। इस अवसर पर आम, अमरूद, केला, लीची, अनार, संतरा, चीकू, नारियल, पपीता और नींबू सहित विभिन्न प्रकार के फलदार पौधे लगाए गए।
समिति की ओर से बताया गया कि इन पौधों से आने वाले समय में लोगों को स्वच्छ वातावरण, हरियाली, छाया और पौष्टिक फल उपलब्ध होंगे। लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल और संरक्षण की जिम्मेदारी पुलिस लाइन प्रशासन ने ली है।
कार्यक्रम के दौरान लोगों से अधिक से अधिक पौधे लगाने और पर्यावरण संरक्षण के लिए आगे आने की अपील की गई। समिति ने कहा कि वृक्षारोपण केवल एक अभियान नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए सुरक्षित और स्वच्छ पर्यावरण बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
इस कार्यक्रम में सृजन शाखा की अध्यक्ष रुचि चौबे, कोषाध्यक्ष श्वेता शर्मा नरेड़ी, प्रेस प्रभारी स्वाति पड़िया, सुजाता नरेड़ी, प्रीति अग्रवाल, निशु अग्रवाल सहित शाखा की अन्य सदस्य भी उपस्थित रहीं। सभी ने पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया और इस तरह के अभियान को आगे भी जारी रखने का संकल्प लिया।

