Breaking
Sat. Jul 25th, 2026

चक्रधरपुर में 50 लाख की चोरी पर चाईबासा चेंबर ने जताई चिंता, व्यापारियों की सुरक्षा बढ़ाने की मांग

चाईबासा: चक्रधरपुर स्थित चाईबासा चेंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज़ के सदस्य आशीष पाड़िया के प्रतिष्ठान रश्मि इलेक्ट्रॉनिक्स (M/s Rashmi Electronics) में हुई बड़ी चोरी की घटना पर चाईबासा चेंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज़ ने गहरी चिंता व्यक्त की है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार चोरी में करीब 50 लाख रुपये मूल्य के मोबाइल फोन, लैपटॉप और अन्य इलेक्ट्रॉनिक सामान चोरी हो गए हैं। इस घटना के बाद व्यापारियों में असुरक्षा का माहौल है।

घटना की गंभीरता को देखते हुए चाईबासा चेंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज़ का एक प्रतिनिधिमंडल अध्यक्ष संजय चौबे के नेतृत्व में चक्रधरपुर के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी डॉ. सैय्यद मुस्तफा हाश्मी से मिला। प्रतिनिधिमंडल में मधुसूदन अग्रवाल, दुर्गेश खत्री, विवेक कुमार सिन्हा, गोपाल खिरवाल, आकाश अग्रवाल और महेश मोदी भी शामिल थे।

प्रतिनिधिमंडल ने पुलिस प्रशासन के समक्ष व्यापारियों की सुरक्षा का मुद्दा उठाते हुए कहा कि हाल के दिनों में चोरी और अन्य आपराधिक घटनाओं में बढ़ोतरी से व्यापारियों में डर का माहौल है। चेंबर ने बाजार क्षेत्रों में विशेष रूप से रात के समय पुलिस गश्त बढ़ाने, संवेदनशील स्थानों पर नियमित निगरानी रखने तथा व्यापारिक प्रतिष्ठानों की सुरक्षा के लिए प्रभावी कदम उठाने की मांग की।

चेंबर पदाधिकारियों ने कहा कि सुरक्षित व्यापारिक माहौल किसी भी क्षेत्र के आर्थिक विकास के लिए जरूरी है। यदि व्यापारी खुद को असुरक्षित महसूस करेंगे तो इसका असर व्यापार और स्थानीय अर्थव्यवस्था पर भी पड़ेगा। इसलिए अपराधियों के खिलाफ त्वरित और कड़ी कार्रवाई की जानी चाहिए।

अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी डॉ. सैय्यद मुस्तफा हाश्मी ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि पुलिस इस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है। उन्होंने बताया कि घटना के खुलासे के लिए विशेष टीम का गठन किया गया है और अपराधियों की जल्द गिरफ्तारी तथा चोरी गए सामान की बरामदगी के लिए लगातार कार्रवाई की जा रही है। साथ ही भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए सुरक्षा व्यवस्था और मजबूत की जाएगी।

इसके बाद चेंबर का प्रतिनिधिमंडल आशीष पाड़िया के प्रतिष्ठान रश्मि इलेक्ट्रॉनिक्स पहुंचा और घटना की जानकारी लेते हुए उन्हें हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया। चाईबासा चेंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज़ ने मामले का शीघ्र खुलासा कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है।

Related Post