चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम के उप विकास आयुक्त उत्कर्ष कुमार ने शुक्रवार को गोइलकेरा प्रखंड की ग्राम पंचायत गोइलकेरा, तर्कटकोचा, कदमडीहा और आराहासा में संचालित विभिन्न विकास योजनाओं का स्थल निरीक्षण कर उनकी प्रगति और गुणवत्ता की समीक्षा की। इस दौरान सहायक समाहर्ता ईरा जोरवाल, असैनिक शल्य चिकित्सक डॉ. जुझार मांझी, प्रखंड विकास पदाधिकारी विवेक कुमार, सहायक परियोजना पदाधिकारी, जिला परिषद, संबंधित विभागों के कनीय अभियंता तथा क्रियान्वयन एजेंसियों के कर्मी मौजूद रहे।
निरीक्षण के क्रम में उत्कर्ष कुमार और ईरा जोरवाल ने गोइलकेरा स्थित महादेवशाल मंदिर पहुंचकर श्रावण मास में आयोजित होने वाले श्रावणी मेला की तैयारियों का जायजा लिया। इस दौरान मंदिर परिसर में सीसीटीवी के माध्यम से की गई सुरक्षा व्यवस्था का भी निरीक्षण किया गया।
इसके बाद गोइलकेरा रेफरल अस्पताल में “प्रोजेक्ट जागृति–बेहतर स्वास्थ्य की ओर एक कदम” के तहत आयोजित रक्तदान शिविर का शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर उप विकास आयुक्त ने रक्तदाताओं का उत्साह बढ़ाते हुए उनके सामाजिक योगदान की सराहना की।
आराहासा पंचायत के लाजोरा गांव में आयोजित मिशन उदय 2.0 मलेरिया उन्मूलन कार्यक्रम में शामिल होकर गर्भवती महिलाओं, धात्री माताओं और ग्रामीणों के बीच मच्छरदानियों का वितरण किया गया। वहीं कदमडीहा पंचायत के काशीजोड़ा गांव स्थित आंगनबाड़ी केंद्र में भी मच्छरदानियां वितरित की गईं और मलेरिया से बचाव के उपायों की जानकारी दी गई।
निरीक्षण के दौरान विकसित भारत कार्यक्रम के अंतर्गत बिरसा हरित ग्राम योजना, ग्रामीण विकास विभाग की अबुआ आवास योजना तथा प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत निर्माणाधीन आवासों का निरीक्षण किया गया। उप विकास आयुक्त ने लाभुकों से समय पर निर्माण कार्य पूरा करने की अपील की और संबंधित अधिकारियों को नियमित निगरानी सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
उन्होंने पंचायत भवनों में 15वें वित्त आयोग की राशि से चल रहे सुदृढ़ीकरण कार्यों, स्वीकृत योजनाओं की प्रगति और व्यय की समीक्षा करते हुए सभी योजनाओं को निर्धारित समय सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा करने के निर्देश दिए।
इसके अलावा डीएमएफटी मद से तर्कटकोचा पंचायत के दलकी गांव स्थित प्लस-टू उच्च विद्यालय में निर्माणाधीन छह कक्षों वाले विद्यालय भवन और चारदीवारी निर्माण कार्य का निरीक्षण किया गया। वहीं जिला परिषद की ओर से 15वें वित्त आयोग मद से निर्माणाधीन प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र की भौतिक प्रगति का भी जायजा लिया गया।

