कोडरमा। पश्चिम बंगाल के बांकुड़ा जिले में वर्ष 2024 में हुए मोटरसाइकिल विस्फोट मामले की जांच के सिलसिले में राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) की कोलकाता इकाई ने शुक्रवार को कोडरमा जिले में व्यापक छापेमारी अभियान चलाया। एनआईए की टीम ने स्थानीय पुलिस के सहयोग से डोमचांच और नवालशाही थाना क्षेत्र स्थित कई विस्फोटक भंडारण केंद्रों (मैगजीन) की गहन जांच की और दस्तावेजों की पड़ताल की।
जानकारी के अनुसार, बांकुड़ा विस्फोट कांड की जांच के दौरान एनआईए को ऐसे साक्ष्य मिले, जिनके तार कोडरमा से जुड़ते पाए गए। इसके बाद कोलकाता से विशेष टीम कोडरमा पहुंची और कार्रवाई शुरू की। जांच एजेंसी ने विस्फोटक भंडारण स्थलों के रिकॉर्ड, लाइसेंस और अन्य दस्तावेजों की जांच की। समाचार लिखे जाने तक छापेमारी जारी थी और एनआईए की ओर से कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया था।
सूत्रों के अनुसार, कार्रवाई के दौरान लोकाई निवासी शंकर यादव तथा डोमचांच के नावाडीह निवासी महेश कुमार मेहता को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। दोनों का संबंध जय दुर्गा एंटरप्राइजेज एक्सप्लोसिव मैगजीन से बताया जा रहा है। शंकर यादव की पत्नी और मैगजीन के एक सुरक्षा गार्ड ने भी पुष्टि की कि एनआईए की टीम दोनों को अपने साथ ले गई है और मैगजीन की विस्तृत जांच की जा रही है।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, शंकर यादव के आवास से लगभग 16 लाख रुपये नकद और विभिन्न जमीनों से संबंधित दस्तावेज भी जब्त किए गए हैं। हालांकि जब्ती को लेकर एनआईए की ओर से अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
अनौपचारिक जानकारी में कोडरमा के पुलिस अधीक्षक कुमार शिवाशीष ने बताया कि अगस्त 2024 में पश्चिम बंगाल के बांकुड़ा में मोटरसाइकिल में हुए विस्फोट में दो लोगों की मौत हो गई थी। बाद में इस मामले की जांच एनआईए को सौंप दी गई थी। जांच के दौरान यह सामने आया कि विस्फोट में इस्तेमाल किए गए विस्फोटकों की आपूर्ति कथित तौर पर कोडरमा स्थित जय दुर्गा एंटरप्राइजेज एक्सप्लोसिव मैगजीन से की गई थी। इसी कड़ी में एनआईए अब पूरे नेटवर्क और विस्फोटकों की आपूर्ति श्रृंखला की जांच कर रही है।

