Breaking
Thu. Jul 23rd, 2026

आदित्यपुर में वाहन चोर गिरोह पर पुलिस का शिकंजा, तीन आरोपी गिरफ्तार, चोरी की तीन बाइक बरामद

आदित्यपुर: सरायकेला-खरसावां जिले की आरआईटी थाना पुलिस ने वाहन चोरी के खिलाफ अभियान चलाते हुए तीन शातिर आरोपियों को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की तीन मोटरसाइकिल भी बरामद की हैं। इस मामले में आरआईटी थाना कांड संख्या 34/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 317(4), 317(5) एवं 3(5) के अंतर्गत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

आरआईटी थाना प्रभारी रविकांत पाराशर ने गुरुवार को बताया कि 22 जुलाई को गुप्त सूचना मिली थी कि कुलुपटांगा फुटबॉल मैदान के समीप कुछ युवक चोरी की मोटरसाइकिलों के साथ मौजूद हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने त्वरित छापेमारी की, जहां से तीन युवकों को संदिग्ध हालत में हिरासत में लिया गया। जांच के दौरान उनके पास मौजूद तीनों मोटरसाइकिल चोरी की निकलीं, जिसके बाद सभी को गिरफ्तार कर लिया गया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान 23 वर्षीय राजू लोहार निवासी बंतानगर पीएचडी रोड, 22 वर्षीय वासुदेव लागुरी निवासी बंतानगर पानी टंकी तथा 21 वर्षीय आदित्य राज निवासी बाबा आश्रम, थाना आरआईटी, जिला सरायकेला-खरसावां के रूप में हुई है।

पुलिस पूछताछ में वाहन चोरी से जुड़े कई अहम सुराग मिले हैं। थाना प्रभारी ने बताया कि तीनों आरोपियों का आपराधिक रिकॉर्ड पहले से रहा है। राजू लोहार के खिलाफ वर्ष 2023 में चोरी का मामला दर्ज है। वासुदेव लागुरी पर डकैती और चोरी के मामलों में पूर्व से केस दर्ज हैं, जबकि आदित्य राज के खिलाफ मारपीट सहित अन्य गंभीर धाराओं में मुकदमे दर्ज हो चुके हैं।

पूछताछ पूरी होने के बाद तीनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस का कहना है कि वाहन चोरी के इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान की जा रही है और जल्द ही इस गिरोह से जुड़े अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी भी की जा सकती है। मामले की जांच जारी है।

Related Post