जमशेदपुर: रेलवे यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) द्वारा चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन यात्री सुरक्षा’ के तहत टाटानगर रेलवे स्टेशन पर आरपीएफ और जीआरपी की संयुक्त टीम ने एक शातिर मोबाइल चोर को गिरफ्तार किया है। आरोपी के पास से एक यात्री का चोरी हुआ मोबाइल फोन भी बरामद किया गया है।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान जेम्को आजाद बस्ती निवासी रितिक कुमार उर्फ गोलू (24) के रूप में हुई है। अधिकारियों के अनुसार, चक्रधरपुर मंडल के मंडल सुरक्षा आयुक्त (आरपीएफ) तथा रेल पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर स्टेशन परिसर और ट्रेनों में लगातार संयुक्त गश्त अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के दौरान गश्ती दल को एक युवक की गतिविधियां संदिग्ध लगीं। पूछताछ के बाद उसकी तलाशी ली गई, जिसमें उसके कब्जे से चोरी का मोबाइल फोन बरामद हुआ।
जांच में पता चला कि बरामद मोबाइल टाटानगर रेलवे स्टेशन पर रात के समय एक रेल यात्री से चोरी किया गया था। साक्ष्य मिलने के बाद संयुक्त टीम ने आरोपी को तत्काल हिरासत में लेकर गिरफ्तार कर लिया।
यह कार्रवाई आरपीएफ पोस्ट कमांडर और जीआरपी थाना प्रभारी के निर्देशन में आरपीएफ के सहायक उपनिरीक्षक (एएसआई) बलबीर प्रसाद के नेतृत्व में की गई। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को आगे की कानूनी प्रक्रिया के लिए टाटानगर रेल थाना के सुपुर्द कर दिया गया है। पुलिस उसके आपराधिक इतिहास और इस तरह की अन्य घटनाओं में संभावित संलिप्तता की भी जांच कर रही है।
बुधवार को आरपीएफ के सहायक उपनिरीक्षक (एएसआई) बलबीर प्रसाद ने प्रेस को मामले की जानकारी देते हुए कहा कि रेलवे स्टेशन और ट्रेनों में यात्रियों की सुरक्षा को लेकर संयुक्त अभियान लगातार जारी रहेगा तथा अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

