रांची। रेल सुरक्षा बल (आरपीएफ) पोस्ट रांची ने बुधवार को रांची रेलवे स्टेशन पर “ऑपरेशन जन जागरण” के तहत व्यापक जन-जागरूकता अभियान चलाया। अभियान का उद्देश्य यात्रियों, विशेषकर महिला यात्रियों, को सुरक्षित रेल यात्रा के प्रति जागरूक करना और रेलवे परिसर में सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाना था।
आरपीएफ पोस्ट रांची के प्रभारी के निर्देशन में आयोजित इस कार्यक्रम में आरपीएफ अधिकारियों, जवानों तथा “मेरी सहेली” टीम ने सक्रिय भागीदारी निभाई। अभियान के दौरान अकेले सफर करने वाली महिला यात्रियों से संवाद स्थापित कर उन्हें “मेरी सहेली” पहल की जानकारी दी गई। साथ ही यात्रा के दौरान बरती जाने वाली सावधानियों, रेलवे स्टेशन पर सुरक्षा संबंधी उपायों तथा किसी भी आपात स्थिति में तत्काल सहायता प्राप्त करने के तरीकों से अवगत कराया गया।
कार्यक्रम के दौरान यात्रियों को बिना वैध टिकट यात्रा नहीं करने, ट्रेनों में ज्वलनशील या विस्फोटक सामग्री लेकर सफर नहीं करने तथा रेलवे ट्रैक को अनधिकृत रूप से पार नहीं करने की सलाह दी गई। आरपीएफ कर्मियों ने यात्रियों को नशीला पदार्थ खिलाकर लूटपाट करने वाले गिरोहों और चोरी की घटनाओं से सतर्क रहने के लिए भी जागरूक किया।
अभियान के दौरान रेलवे सुरक्षा हेल्पलाइन नंबर 139 की उपयोगिता पर विशेष जोर दिया गया। यात्रियों से कहा गया कि यदि यात्रा के दौरान कोई संदिग्ध व्यक्ति, संदिग्ध गतिविधि या कोई अप्रिय घटना दिखाई दे तो इसकी सूचना तुरंत आरपीएफ या रेल मदद हेल्पलाइन 139 पर दें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।
जागरूकता अभियान में शामिल यात्रियों और आम लोगों ने रेलवे परिसर में सुरक्षा एवं संरक्षा बनाए रखने में सहयोग करने का भरोसा जताया। साथ ही उन्होंने सुरक्षित रेल यात्रा के इस संदेश को अपने परिवार, मित्रों और अन्य लोगों तक पहुंचाने का संकल्प भी लिया।

