कोडरमा। जयनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत परसाबाद गांव में पागल कुत्ते के हमले में एक 2 वर्षीय मासूम गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल बच्चे की पहचान प्रियांश कुमार (2 वर्ष, पिता पुरुषोत्तम पासवान, निवासी परसाबाद) के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार मंगलवार को प्रियांश अपने घर के बाहर खेल रहा था। इसी दौरान एक पागल कुत्ता अचानक वहां पहुंचा और बच्चे पर हमला कर दिया। कुत्ते के काटने से वह गंभीर रूप से घायल हो गया और जोर-जोर से रोने लगा। परिजन और ग्रामीण तत्काल उसे इलाज के लिए कोडरमा सदर अस्पताल लेकर पहुंचे।
सदर अस्पताल में चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद बच्चे को भर्ती कर लिया। डॉक्टरों के अनुसार बच्चे की स्थिति फिलहाल खतरे से बाहर है, लेकिन उसे चिकित्सकीय निगरानी में रखा गया है।
घटना के बाद परसाबाद गांव में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों ने स्वास्थ्य विभाग और पंचायत प्रशासन से गांव में घूम रहे आवारा एवं पागल कुत्तों को शीघ्र पकड़वाने तथा लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।

