Breaking
Tue. Jul 21st, 2026

एथिक्स मंथ 2026 के तहत टाटा स्टील ने मीडिया संवाद का किया आयोजन, नैतिक पत्रकारिता और जिम्मेदार संचार पर हुआ मंथन

जमशेदपुर, 21 जुलाई: टाटा स्टील ने एथिक्स मंथ 2026 के तहत मंगलवार को जमशेदपुर के संपादकों और पत्रकारों के साथ एक विशेष मीडिया संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया। “वन कोड, वन कमिटमेंट: यूनिफाइड बाय द कोड” विषय पर आयोजित इस कार्यक्रम का आयोजन टाटा स्टील के कॉरपोरेट कम्युनिकेशन विभाग ने टाटा स्टील एथिक्स विभाग और टीएसयूआईएसएल के सहयोग से किया।

टाटा स्टील प्रत्येक वर्ष जुलाई माह में एथिक्स मंथ का आयोजन करता है। यह आयोजन भारत के महान उद्योगपति जे.आर.डी. टाटा की जयंती माह के अवसर पर उनकी ईमानदारी, पारदर्शिता और नैतिक व्यावसायिक मूल्यों की विरासत को सम्मान देने के उद्देश्य से किया जाता है। इस वर्ष की थीम संगठन और उससे जुड़े सभी हितधारकों के बीच एक समान आचार संहिता के प्रति साझा प्रतिबद्धता और नैतिक मूल्यों को मजबूत करने का संदेश देती है।

कार्यक्रम में टीएसयूआईएसएल के प्रबंध निदेशक अतुल भटनागर मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए, जबकि टाटा स्टील की मुख्य एथिक्स काउंसलर सोनी सिन्हा विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं।

अपने संबोधन में अतुल भटनागर ने कहा कि किसी भी संस्था की विश्वसनीयता और भरोसा उसके नैतिक आचरण तथा जिम्मेदार संवाद पर आधारित होता है। उन्होंने कहा कि मूल्यों पर आधारित कार्य संस्कृति ही हितधारकों के साथ मजबूत और दीर्घकालिक संबंध स्थापित करने की आधारशिला है।

सोनी सिन्हा ने कहा कि नैतिकता केवल नियमों के पालन तक सीमित नहीं है, बल्कि यह एक साझा प्रतिबद्धता है जो प्रत्येक निर्णय और कार्यशैली का मार्गदर्शन करती है। उन्होंने बताया कि टाटा स्टील की आचार संहिता संगठन के सभी कर्मचारियों और सहयोगियों के लिए जिम्मेदार एवं पारदर्शी कार्य संस्कृति का साझा आधार है।

कार्यक्रम की शुरुआत पत्रकारों द्वारा अपने कार्यक्षेत्र में आने वाली नैतिक चुनौतियों पर एक संवादात्मक चर्चा से हुई। इसके बाद मीडिया प्रतिनिधियों के लिए विशेष रूप से तैयार की गई एथिक्स क्विज का आयोजन किया गया, जिसमें नैतिकता, समसामयिक विषयों और जिम्मेदार पत्रकारिता से जुड़े प्रश्न पूछे गए। कार्यक्रम के दौरान ‘चमकता आईना’ के संपादक जय प्रकाश राय ने कॉरपोरेट रिपोर्टिंग में आने वाली नैतिक दुविधाओं पर अपने अनुभव साझा किए।

एथिक्स क्विज में द पायनियर के परविंदर भाटिया ने प्रथम, सहारा समय के अंजनी कुमार पांडेय ने द्वितीय तथा द एवेन्यू मेल के मनप्रीत सिंह भाटिया ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।

इस अवसर पर टाटा स्टील ने मीडिया जगत के साथ पारदर्शिता, नैतिक मूल्यों और आपसी सहयोग को और अधिक मजबूत बनाने की अपनी प्रतिबद्धता दोहराई। कार्यक्रम का उद्देश्य संवाद, सहभागिता और साझा मूल्यों के माध्यम से मीडिया एवं उद्योग जगत के बीच विश्वास को और सुदृढ़ करना रहा।

Related Post