चाईबासा: मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम-2026 को सफल, निष्पक्ष और पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से सोमवार को उपायुक्त कार्यालय स्थित प्रकोष्ठ में जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त मनीष कुमार की अध्यक्षता में सभी मान्यता प्राप्त राष्ट्रीय एवं राज्य राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
बैठक में जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त मनीष कुमार ने बताया कि 22 जुलाई 2026 को जिले के सभी मतदान केंद्रों पर बूथ स्तरीय अधिकारी (बीएलओ) एवं बूथ स्तरीय अभिकर्ता-2 (बीएलए-2) की तृतीय बैठक आयोजित की जाएगी। इसी दिन प्रत्येक मतदान केंद्र पर चुनाव पाठशाला का भी आयोजन होगा, जिसका उद्देश्य मतदाता सूची के पुनरीक्षण कार्य को अधिक प्रभावी, पारदर्शी और सहभागितापूर्ण बनाना है।
उन्होंने बताया कि बैठक के दौरान मतदाता सूची के प्रारूप का सत्यापन, एक ही मतदाता के एक से अधिक स्थानों पर दर्ज नामों की जांच, प्राप्त दावों एवं आपत्तियों की समीक्षा, नए पात्र मतदाताओं का नाम जोड़ने, एक से अधिक स्थानों पर दर्ज नाम हटाने तथा भारत निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित अन्य बिंदुओं पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
मनीष कुमार ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी मतदान केंद्रों पर बीएलओ एवं बीएलए-2 की शत-प्रतिशत उपस्थिति सुनिश्चित की जाए, ताकि बैठक का सफल संचालन हो सके। उन्होंने बैठक की कार्यवाही का समयबद्ध अभिलेखीकरण कर उसे ईसीआईनेट पोर्टल पर निर्धारित समय के भीतर अपलोड करने के भी निर्देश दिए।
बैठक में उन्होंने कहा कि मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम-2026 को पूरी पारदर्शिता, निष्पक्षता और प्रभावशीलता के साथ संपन्न कराने के लिए सभी मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों, बूथ स्तरीय अभिकर्ताओं तथा संबंधित अधिकारियों के बीच बेहतर समन्वय आवश्यक है। उन्होंने कहा कि निर्वाचन प्रक्रिया में सभी पात्र नागरिकों की भागीदारी सुनिश्चित करना निर्वाचन आयोग की सर्वोच्च प्राथमिकता है। साथ ही मतदाता सूची के पुनरीक्षण कार्य की प्रगति की समीक्षा करते हुए निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का शत-प्रतिशत पालन सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया, ताकि जिले में स्वच्छ, पारदर्शी एवं त्रुटिरहित मतदाता सूची तैयार की जा सके।
बैठक में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों में कांग्रेस से त्रिशानु राय, भाजपा से रवि शंकर विश्वकर्मा, बसपा से जेम्स हेम्ब्रम, झामुमो से सोनाराम देवगम एवं विश्वनाथ बाड़ा, तथा आजसू से अजय महतो उपस्थित रहे।

