Breaking
Tue. Jul 21st, 2026

झारखंड हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश महेश शरदचंद्र सोनाक ने परिवार संग किया हिरणी जलप्रपात का भ्रमण

चाईबासा: झारखंड हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश महेश शरदचंद्र सोनाक ने अपने परिवार के साथ रविवार को पश्चिमी सिंहभूम जिले के बंदगांव प्रखंड स्थित प्रसिद्ध पर्यटन स्थल हिरणी जलप्रपात का भ्रमण किया। चाईबासा-रांची राष्ट्रीय राजमार्ग पर टेबो घाटी में स्थित इस प्राकृतिक स्थल पर पहुंचकर उन्होंने जलप्रपात की मनमोहक सुंदरता का आनंद लिया।

भ्रमण के दौरान मुख्य न्यायाधीश महेश शरदचंद्र सोनाक ने पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए हिरणी जलप्रपात परिसर में पौधारोपण किया। इस अवसर पर स्थानीय कलाकारों ने पारंपरिक आदिवासी नृत्य के साथ उनका भव्य स्वागत किया। उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर भी दिया गया।

मुख्य न्यायाधीश के दौरे को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद रहा। सुरक्षा एवं अन्य व्यवस्थाओं के लिए प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों की तैनाती की गई थी।

इस अवसर पर जिला दंडाधिकारी-सह-उपायुक्त मनीष कुमार, पुलिस अधीक्षक अमित रेणु, उप विकास आयुक्त उत्कर्ष कुमार, अनुमंडल पदाधिकारी श्रुति राजलक्ष्मी, प्रखंड विकास पदाधिकारी भीषम कुमार सहित जिला प्रशासन एवं पुलिस विभाग के अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

उल्लेखनीय है कि महेश शरदचंद्र सोनाक वर्तमान में झारखंड हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश हैं। इससे पहले वे बॉम्बे हाईकोर्ट में न्यायाधीश के रूप में भी अपनी सेवाएं दे चुके हैं। उनके दौरे को लेकर हिरणी जलप्रपात परिसर में सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए गए थे।

Related Post