जमशेदपुर। जमशेदपुर पूर्वी विधानसभा क्षेत्र से जुड़े जनहित के विभिन्न महत्वपूर्ण मुद्दों एवं दिशा बैठक की कार्यवाही में शामिल नहीं किए गए एजेंडा प्रस्तावों को लेकर शुक्रवार को जमशेदपुर पूर्वी की विधायक पूर्णिमा साहू ने जिला उपायुक्त राजीव रंजन से मुलाकात की। उन्होंने दिशा बैठक में आंशिक रूप से स्वीकृत प्रस्तावों के शेष कार्यों को शीघ्र पूरा कराने, बैठक की कार्यवाही से बाहर रह गए 21 महत्वपूर्ण एजेंडा प्रस्तावों पर प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने और विधानसभा क्षेत्र से संबंधित 12 प्रमुख जनहित के मुद्दों पर त्वरित पहल करने का आग्रह किया।
विधायक पूर्णिमा साहू ने उपायुक्त को अवगत कराया कि उनके कार्यालय द्वारा दिनांक 28 मई 2026 को दिशा बैठक के लिए जनहित से जुड़े 26 एजेंडा प्रस्ताव भेजे गए थे, किंतु 29 मई 2026 को आयोजित बैठक की कार्यवाही में केवल तीन प्रस्तावों को आंशिक रूप से शामिल किया गया, जबकि 21 महत्वपूर्ण बिंदु पूरी तरह से छूट गए। उन्होंने कहा कि इन प्रस्तावों का सीधा संबंध आम जनता की मूलभूत सुविधाओं एवं क्षेत्र के विकास से है, इसलिए इन पर शीघ्र कार्रवाई करना आवश्यक है।
उन्होंने दिशा की बैठक में आंशिक रूप से स्वीकृत प्रस्तावों के शेष कार्यों को पूरा कराने की मांग करते हुए बिरसानगर प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत निर्मित आवासीय ब्लॉकों में सड़क, नाली, स्ट्रीट लाइट, पेयजल एवं बिजली जैसी आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने, जेपी सेतु बस स्टैंड, मानगो का जीर्णोद्धार कर वेटिंग रूम, डॉर्मेट्री, शौचालय, शेड, पेयजल, स्ट्रीट लाइट, सुरक्षा एवं स्वच्छता की व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा जर्जर बिजली पोलों को बदलने, खुले विद्युत तारों को सुरक्षित करने एवं ओवरलोडेड ट्रांसफार्मरों के उन्नयन की मांग की।
इसके अलावा उन्होंने दिशा बैठक की कार्यवाही से छूटे हुए 21 महत्वपूर्ण विषयों पर भी विस्तार से चर्चा की। इनमें शहर के सुलभ इंटरनेशनल शौचालयों की जर्जर स्थिति में सुधार, सीवरेज सफाई के लिए जेटिंग क्लीनिंग मशीन की खरीद, राष्ट्रीय शहरी आजीविका मिशन के तहत ऋणग्रस्त महिलाओं की समस्याओं का समाधान, जेएनएसी यार्ड में वर्षों से अनुपयोगी पड़े डस्टबिन, टोटो, कचरा वाहन, सीवरेज क्लीनिंग वाहन, मोबाइल एवं पिंक टॉयलेट जैसी सार्वजनिक संपत्तियों की मरम्मत कर उन्हें जनता की सेवा में लगाने एवं लापरवाह अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग शामिल है।
विधायक पूर्णिमा साहू ने बिरसानगर थाना के उन्नयन एवं दो भागों में विभाजन, अवैध जुआ, सट्टा एवं लॉटरी पर रोक, नशीले पदार्थों के अवैध कारोबार पर प्रभावी कार्रवाई एवं नशामुक्ति-पुनर्वास केंद्र की स्थापना, मानसून को देखते हुए एनडीआरएफ की स्थायी तैनाती, सरकारी विद्यालयों के बिजली लोड बढ़ाने, कंपनी क्वार्टरों को तोड़कर व्यावसायिक विस्तार की समीक्षा, सामुदायिक भवनों में बिजली एवं पानी कनेक्शन उपलब्ध कराने, मोहल्ला क्लीनिक एवं सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों के नियमित निरीक्षण, स्वास्थ्य केंद्रों में एएनएम एवं जीएनएम की नियुक्ति, मृत्यु प्रमाण पत्र निर्गत करने की प्रक्रिया में तेजी, नए एमजीएम अस्पताल तक निःशुल्क बस सेवा, 108 एम्बुलेंस सेवा को सुदृढ़ बनाने, सुवर्णरेखा नदी में सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट स्थापित करने, लिट्टी चौक से एनएच-33 तक सुवर्णरेखा नदी पुल निर्माण में तेजी लाने, माध्यमिक विद्यालयों का प्लस-टू में उत्क्रमण, विद्यालयों में शिक्षकों एवं एनसीसी प्रशिक्षकों की प्रतिनियुक्ति के साथ कौशल विकास केंद्र स्थापित कर स्थानीय युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने की मांग भी रखी।
विधायक पूर्णिमा साहू ने जनहित से जुड़े 12 अन्य महत्वपूर्ण विषयों पर भी जिला उपायुक्त का ध्यान आकृष्ट कराया। इनमें विधानसभा क्षेत्र में सर्वसुविधायुक्त स्थायी आधार सेवा केंद्र की स्थापना, निजी कंपनियों के सीएसआर फंड से किए जा रहे विकास कार्यों की समीक्षा एवं पारदर्शिता सुनिश्चित करने हेतु विशेष बैठक आयोजित करना, बारीडीह जिला स्कूल एवं भालूबासा हरिजन स्कूल को सीएम स्कूल ऑफ एक्सीलेंस का दर्जा दिलाना, बीपीएल एवं अंत्योदय कार्डधारियों को बिजली एवं पानी की रियायती अथवा निःशुल्क सुविधा उपलब्ध कराना, भूमिहीन एसटी, एससी एवं ओबीसी परिवारों को स्थानीय जांच के आधार पर जाति प्रमाण पत्र निर्गत करना, सरकारी विद्यालयों को रियायती दर पर बिजली एवं पानी उपलब्ध कराना, आंगनबाड़ी केंद्रों का आधुनिकीकरण, सामाजिक सुरक्षा पेंशन का समय पर भुगतान, सिदगोड़ा स्थित प्रोफेशनल कॉलेज को शीघ्र क्रियाशील करने हेतु संयुक्त स्थल निरीक्षण, शहर में अवैध पार्किंग वसूली पर रोक एवं पार्किंग टेंडर प्रक्रिया को सरल बनाना, भुइयांडीह श्मशान घाट, एबीएम कॉलेज के पीछे, गोलमुरी सर्कस मैदान एवं नेताजी सुभाष मैदान सहित विभिन्न सार्वजनिक स्थलों से अवैध अतिक्रमण हटाने एवं भालूबासा पुलिया के ऊपर निर्मित दुकानों का शीघ्र आवंटन एवं दुकानदारों को रियायती दर पर बिजली-पानी की सुविधा उपलब्ध कराने की मांग प्रमुख रूप से शामिल रही।
विधायक पूर्णिमा साहू ने जिला उपायुक्त से आग्रह किया कि इन सभी जनहितकारी विषयों पर संबंधित विभागों एवं पदाधिकारियों को समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया जाए और प्रत्येक बिंदु पर हुई प्रगति से उनके कार्यालय को लिखित रूप से अवगत कराया जाए।
जिला उपायुक्त राजीव रंजन ने विधायक द्वारा उठाए गए सभी विषयों का गंभीरतापूर्वक अवलोकन करते हुए आश्वस्त किया कि जनहित से जुड़े इन मुद्दों को प्राथमिकता के आधार पर संबंधित विभागों के साथ समन्वय स्थापित कर शीघ्र एवं समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

