Breaking
Fri. Jul 17th, 2026

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत पुनर्विकसित बिमलगढ़ रेलवे स्टेशन का किया लोकार्पण

ओडिशा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को अमृत भारत स्टेशन योजना (एबीएसएस) के तहत पुनर्विकसित बिमलगढ़ रेलवे स्टेशन का वर्चुअल माध्यम से लोकार्पण किया। इस अवसर पर देशभर में पुनर्विकसित कई रेलवे स्टेशनों का भी उद्घाटन किया गया। बिमलगढ़ रेलवे स्टेशन पर आयोजित समारोह में केंद्रीय जनजातीय कार्य मंत्री जुएल ओराम मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे, जबकि विधायक लक्ष्मण मुंडा विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल हुए।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अतिथियों ने कहा कि बिमलगढ़ रेलवे स्टेशन का पुनर्विकास बोनाई क्षेत्र के विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित यह स्टेशन यात्रियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ-साथ क्षेत्र के सामाजिक और आर्थिक विकास को भी नई गति देगा। अमृत भारत स्टेशन योजना के माध्यम से भारतीय रेलवे देशभर के रेलवे स्टेशनों को आधुनिक, सुरक्षित और यात्री-अनुकूल स्वरूप प्रदान कर रही है, वहीं प्रत्येक क्षेत्र की सांस्कृतिक और स्थापत्य विरासत को भी संरक्षित रखा जा रहा है।

पुनर्विकसित बिमलगढ़ रेलवे स्टेशन में आधुनिक स्टेशन भवन, विशाल प्रतीक्षालय, बेहतर सर्कुलेटिंग एरिया, उन्नत प्रकाश व्यवस्था, डिजिटल यात्री सूचना प्रणाली, आधुनिक यात्री सुविधाएं, समुचित पार्किंग व्यवस्था, आकर्षक सौंदर्यीकरण और हरित परिसर विकसित किया गया है। इसके साथ ही दिव्यांगजनों की सुविधा के लिए बाधारहित आधारभूत संरचना भी तैयार की गई है, जिससे सभी यात्रियों को सहज आवागमन की सुविधा मिल सके।

लोकार्पण समारोह की शुरुआत स्थानीय कलाकारों और स्कूली बच्चों द्वारा प्रस्तुत रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों से हुई, जिसमें क्षेत्र की समृद्ध जनजातीय संस्कृति की झलक देखने को मिली। इस दौरान अतिथियों ने स्मारक शिलापट्ट का भी अनावरण किया। समारोह में बड़ी संख्या में रेल यात्री, छात्र-छात्राएं, स्थानीय नागरिक, जनप्रतिनिधि और रेलवे अधिकारी उपस्थित रहे।

चक्रधरपुर मंडल के मंडल रेल प्रबंधक तरुण हुरिया ने समारोह में शामिल केंद्रीय मंत्री जुएल ओराम, विधायक लक्ष्मण मुंडा, अन्य गणमान्य अतिथियों, जनप्रतिनिधियों, जिला प्रशासन के अधिकारियों, मीडिया प्रतिनिधियों, स्कूली बच्चों तथा बड़ी संख्या में उपस्थित नागरिकों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सभी के सहयोग और सहभागिता से यह ऐतिहासिक अवसर सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।

Related Post