Breaking
Thu. Jul 16th, 2026

बोकारो पब्लिक स्कूल की पूर्व छात्रा वैष्णवी त्रिपाठी ने जीता मिस झारखंड 2026 का खिताब

बोकारो: सेक्टर-3 स्थित बोकारो पब्लिक स्कूल की पूर्व छात्रा वैष्णवी त्रिपाठी ने प्रतिष्ठित मिस झारखंड 2026 का ताज जीतकर विद्यालय, अपने परिवार और पूरे बोकारो जिले का नाम रोशन किया है। उनकी इस उपलब्धि से विद्यालय परिवार में खुशी का माहौल है।

रांची में डब्ल्यूएएमएस मॉडलिंग इंस्टीट्यूट की ओर से आयोजित मिस झारखंड 2026 प्रतियोगिता में राज्य के विभिन्न जिलों से बड़ी संख्या में प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। प्रतियोगिता के दौरान प्रतिभागियों की प्रतिभा, आत्मविश्वास, व्यक्तित्व और मंचीय प्रस्तुति का मूल्यांकन किया गया। कड़े मुकाबले के बाद वैष्णवी त्रिपाठी ने अपने प्रभावशाली प्रदर्शन के दम पर विजेता का खिताब अपने नाम किया।

वैष्णवी का फैशन और मॉडलिंग के प्रति रुझान छात्र जीवन से ही रहा है। बोकारो पब्लिक स्कूल में पढ़ाई के दौरान उन्होंने सांस्कृतिक कार्यक्रमों और व्यक्तित्व विकास से जुड़े आयोजनों में सक्रिय भागीदारी निभाई। उनके आत्मविश्वास और आकर्षक व्यक्तित्व के कारण उन्हें कक्षा 12 के विदाई समारोह में ‘मिस बोकारो पब्लिक स्कूल’ का सम्मान भी मिला था। विद्यालय का मानना है कि वर्षों की मेहनत, समर्पण और निरंतर अभ्यास ने उन्हें इस मुकाम तक पहुंचाया है।

विद्यालय की प्राचार्या डॉ. सुधा शेखर ने वैष्णवी को बधाई देते हुए कहा कि उनकी सफलता स्कूल के वर्तमान विद्यार्थियों के लिए प्रेरणादायक है। उन्होंने विश्वास जताया कि वैष्णवी भविष्य में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मंचों पर भी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर झारखंड और देश का गौरव बढ़ाएंगी।

विद्यालय के शिक्षकों, कर्मचारियों और विद्यार्थियों ने भी वैष्णवी त्रिपाठी की इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्हें उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं। उनका कहना है कि वैष्णवी की सफलता यह साबित करती है कि दृढ़ संकल्प, अनुशासन और निरंतर प्रयास से किसी भी लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है। उनकी उपलब्धि पूरे बोकारो पब्लिक स्कूल परिवार के लिए गर्व और प्रेरणा का विषय बन गई है।

Related Post